सायोनी घोष को देखते ही बरुईपुर में लगे ‘बेईमान-बेईमान’ के नारे, VIDEO वायरल
Sayoni Ghosh Protest: पश्चिम बंगाल के बरुईपुर में 11 साल की नाबालिग बच्ची के साथ रेप और हत्या के मामले ने पूरे राज्य में आक्रोश फैला दिया है। इसी बीच तृणमूल कांग्रेस से बगावत कर चुकीं सांसद सायोनी घोष पीड़ित परिवार से मिलने बरुईपुर पहुंचीं। मुलाकात के बाद उन्होंने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। हालांकि, इस दौरान उन्हें स्थानीय लोगों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा।
लोगों ने लगाए ‘बेईमान’ और ‘गद्दार’ के नारे
सायोनी घोष के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों ने ‘बेईमान’ और ‘गद्दार’ जैसे नारे लगाने शुरू कर दिए। हालात बिगड़ते देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें लोग सायोनी को नाम लेकर पुकारते और उन पर आरोप लगाते दिख रहे हैं। बाद में पुलिस सुरक्षा में उन्हें भीड़ से निकालकर गाड़ी में बैठाया गया।
Meet Sayoni Ghosh, Pillow TMC/NCPI leader. She was greeted with "Gaddar" & "Beimaan" slogans in Baruipur today.
Some voices could also be heard asking "How much were you sold for?"
Imagine what will happen to these turncoat leaders, once they face the people during elections. pic.twitter.com/dLMqrtKpLe
— Bengal Cartel 🔱 (@TheBengalCartel) July 7, 2026
क्या बोलीं सायोनी घोष
पीड़ित परिवार से मिलने के बाद सायोनी घोष ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और दोषियों को फांसी जैसी सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा, “जब एक बच्ची की जान जाती है, तो हम सभी को उतना ही दर्द होता है। हमारी मुख्यमंत्री से उम्मीद है कि निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को सबसे कठोर सजा मिले।” उन्होंने यह भी दावा किया कि मामला केवल 2-3 लोगों तक सीमित नहीं, बल्कि इसके पीछे बड़ा रैकेट हो सकता है।
बरुईपुर, जाधवपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जहां से सायोनी घोष सांसद हैं। पिछले सप्ताह बच्ची का शव तालाब के किनारे मिला था, जिसके बाद रेप और हत्या की आशंका जताई गई। घटना के बाद इलाके में लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। इससे पहले राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी कैंडल मार्च निकाल चुकी हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और लोगों में न्याय की मांग तेज बनी हुई है।

