Siddharthnagar News: छुआछूत की बीमारी नहीं है सफेद दाग, डॉ. ए. खान ने दी भ्रांतियों से दूर रहने की सलाह
Siddharthnagar News: त्वचा हमारे शरीर का सबसे बड़ा और बेहद संवेदनशील हिस्सा है। इसे सेहतमंद रखने के लिए नियमित स्वच्छता, बेहतर खान-पान और हानिकारक केमिकल्स से दूरी बनाना बेहद जरूरी है। मौजूदा दौर में एक्जिमा, कील-मुंहासे, फंगल इंफेक्शन और स्किन एलर्जी जैसी बीमारियां काफी आम हो चुकी हैं। इन समस्याओं से सुरक्षित रहने के लिए रोजाना माइल्ड सोप (हल्के साबुन) से नहाना, स्किन को अच्छी तरह मॉइस्चराइज रखना और धूप में निकलने से पहले सनस्क्रीन का इस्तेमाल करना बेहद आवश्यक है। ‘संदेश वाहक’ से एक खास बातचीत के दौरान सिद्धार्थनगर जिले के मशहूर चर्म रोग विशेषज्ञ (डर्मेटोलॉजिस्ट) डॉक्टर ए खान ने त्वचा से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर खुलकर बात की।
अक्सर समाज में सफेद दाग (ल्यूकोडर्मा/विटिलिगो) को लेकर कई तरह की गलतफहमियां और सामाजिक भ्रांतियां देखने को मिलती हैं। इस पर बात करते हुए डॉ. ए. खान ने साफ किया कि सफेद दाग कोई छुआछूत की बीमारी नहीं है और न ही यह किसी मरीज के छूने या उसके संपर्क में आने से फैलती है। उन्होंने बताया कि अगर वक्त रहते इसके लक्षणों की पहचान कर ली जाए और सही डॉक्टरी परामर्श मिले, तो इस बीमारी को काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है। इसलिए समाज को इस बीमारी से पीड़ित मरीजों के प्रति अपना नजरिया बदलने की जरूरत है।

लक्षण दिखते ही विशेषज्ञ से मिलें
डॉक्टर खान ने आगाह किया कि अगर शरीर पर कहीं भी अचानक सफेद धब्बे दिखने लगें, लगातार खुजली हो, लाल चकत्ते पड़ें या कोई अन्य त्वचा संबंधी बदलाव नजर आए, तो बिना वक्त गंवाए तुरंत किसी चर्म रोग विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए। आज भी कई लोग त्वचा रोग होने पर खुद ही मेडिकल स्टोर से दवाएं खरीद लेते हैं या फिर घरेलू नुस्खों पर निर्भर हो जाते हैं। डॉक्टर के मुताबिक, बिना डॉक्टरी सलाह के खुद से इलाज (सेल्फ मेडिकेशन) करने से स्किन की समस्या घटने के बजाय और ज्यादा गंभीर रूप ले सकती है।
आधुनिक चिकित्सा में संभव है सटीक इलाज
‘संदेश वाहक’ के इस विशेष कार्यक्रम में रिपोर्टर ने डॉ. ए खान से सफेद दाग होने के मुख्य वैज्ञानिक कारणों, इसके शुरुआती लक्षणों, बचाव के व्यावहारिक तरीकों और आधुनिक मेडिकल साइंस में उपलब्ध प्रभावी ट्रीटमेंट ऑप्शंस पर विस्तृत चर्चा की। आज भी लोग सफेद दाग को चरक कहकर डर जाते हैं, लेकिन डॉक्टर खान ने भरोसा दिलाया कि आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों की मदद से अब इसका बेहद सटीक और सफल इलाज मुमकिन है। त्वचा की हर समस्या के सही निदान और जागरूकता को लेकर पेश है यह विशेष रिपोर्ट।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: भारत में फिर महंगे हो सकते हैं Mobile Recharge प्लान, 12-15% तक बढ़ोतरी का अनुमान

