भारत में फिर महंगे हो सकते हैं Mobile Recharge प्लान, 12-15% तक बढ़ोतरी का अनुमान

Mobile Recharge Price Hike : भारत में मोबाइल रिचार्ज प्लान एक बार फिर महंगे हो सकते हैं। सेंट्रम इंस्टीट्यूशनल रिसर्च की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले तीन से चार महीनों में टेलीकॉम कंपनियां टैरिफ में 12 से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर सकती हैं।

रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि इस दौरान भारती एयरटेल और रिलायंस जियो के ग्राहकों की संख्या में बढ़ोतरी जारी रहेगी, जबकि वोडाफोन आइडिया अपने 5G नेटवर्क के विस्तार पर काम करेगा।

अगर टेलीकॉम कंपनियां 15 प्रतिशत तक कीमतें बढ़ाती हैं, तो इसका सीधा असर ग्राहकों की जेब पर पड़ेगा। मौजूदा 199 रुपये वाला रिचार्ज प्लान बढ़कर करीब 229 रुपये तक पहुंच सकता है।

वहीं 299 रुपये वाला डेटा प्लान करीब 344 से 359 रुपये तक महंगा हो सकता है। इसके अलावा 999 रुपये वाला लॉन्ग टर्म प्लान बढ़कर लगभग 1149 रुपये तक पहुंच सकता है।

5G निवेश और ARPU बढ़ाने की वजह से बढ़ सकते हैं दाम

रिपोर्ट के अनुसार, रिलायंस जियो और भारती एयरटेल देशभर में 5G नेटवर्क को मजबूत करने के लिए लगातार बड़ा निवेश कर रही हैं। कंपनियां इस निवेश की भरपाई ग्राहकों से मिलने वाले रेवेन्यू के जरिए करना चाहती हैं।

टेलीकॉम कंपनियों का लक्ष्य अपने एवरेज रेवेन्यू प्रति यूजर (ARPU) को बढ़ाना भी है। ARPU से यह पता चलता है कि किसी कंपनी को एक निश्चित समय में हर सक्रिय ग्राहक से औसतन कितना राजस्व मिलता है।

इसके अलावा भारतीय टेलीकॉम सेक्टर में रिलायंस जियो और एयरटेल का दबदबा बढ़ गया है। बाजार में प्रतिस्पर्धा कम होने के कारण कंपनियों के लिए टैरिफ बढ़ाना आसान हो गया है।

रिपोर्ट में यह भी अनुमान लगाया गया है कि आने वाले समय में जियो और एयरटेल के सब्सक्राइबर्स की संख्या में बढ़ोतरी जारी रहेगी। अनुमान के मुताबिक, हर तिमाही में रिलायंस जियो के साथ करीब 70 लाख नए ग्राहक जुड़ सकते हैं, जबकि भारती एयरटेल के साथ लगभग 50 लाख नए सब्सक्राइबर जुड़ने की उम्मीद है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.