PM मोदी के इंडोनेशिया दौरे पर बड़ा ऐलान, जावा में खुलेगा IIM, कई अहम समझौतों पर भी मुहर
PM Modi Indonesia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों तीन देशों इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के दौरे पर हैं। यात्रा के पहले चरण में वह इंडोनेशिया पहुंचे, जहां उन्हें भारत-इंडोनेशिया संबंधों को मजबूत करने में योगदान के लिए देश के सर्वोच्च सम्मान ‘बिन्तांग आदिपूर्ण ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया’ से नवाजा गया। इस दौरान पीएम मोदी ने शिक्षा क्षेत्र में एक बड़ा ऐलान किया।
जावा में खुलेगा IIM बेंगलुरु का विदेशी परिसर
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो के साथ संयुक्त प्रेस बयान में पीएम मोदी ने घोषणा की कि IIM बेंगलुरु अपना पहला विदेशी परिसर इंडोनेशिया में स्थापित करेगा। यह परिसर पूर्वी जावा प्रांत के सिंघासारी विशेष आर्थिक क्षेत्र में बनेगा। पीएम मोदी ने कहा कि इससे पूरे आसियान क्षेत्र के युवाओं को उच्च गुणवत्ता की प्रबंधन शिक्षा का लाभ मिलेगा। इससे पहले IIM अहमदाबाद ने दुबई में अपना विदेशी परिसर शुरू किया था।
स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा में हुए अहम समझौते
दोनों देशों के बीच स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, समुद्री सुरक्षा, दूरसंचार और आपदा प्रबंधन समेत कई क्षेत्रों में समझौते हुए। स्वास्थ्य क्षेत्र में भारत के केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन और इंडोनेशिया की राष्ट्रीय औषधि एवं खाद्य नियंत्रण एजेंसी के बीच समझौता हुआ।
इसका उद्देश्य मेडिकल उत्पादों के नियमन में सहयोग और भारतीय सस्ती व उच्च गुणवत्ता वाली दवाओं की इंडोनेशिया में पहुंच बढ़ाना है। पीएम मोदी ने कहा कि इससे दोनों देशों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित होंगी।
अंतरिक्ष और आपदा प्रबंधन में भी सहयोग
भारत और इंडोनेशिया ने शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए बाह्य अंतरिक्ष की खोज, खनिज व इस्पात आपूर्ति श्रृंखला तकनीक और आपदा प्रबंधन में सहयोग को लेकर भी समझौते किए। पीएम मोदी ने कहा कि ये करार दोनों देशों की साझेदारी को नई ऊंचाई देंगे। दौरे के अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि भारत-इंडोनेशिया संबंध आने वाले वर्षों में और मजबूत होंगे।

