Lucknow: शादी का झांसा देकर तलाकशुदा महिला से दुष्कर्म और लूट, जीवनसाथी ऐप से हुई थी पहचान

Lucknow Crime News: लखनऊ में मैट्रिमोनियल ऐप के जरिए हुई दोस्ती एक महिला के लिए दर्दनाक अनुभव बन गई। गोरखपुर की रहने वाली एक तलाकशुदा महिला ने आरोप लगाया है कि शादी का झांसा देकर एक युवक ने उसे लखनऊ बुलाया, होटल में दो दिन तक उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में नकदी व जेवर लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के बाद आरोपी एजाज मिर्जा को चारबाग बस अड्डे के पास से गिरफ्तार किया गया।

जीवनसाथी ऐप से शुरू हुई बातचीत

डीसीपी पश्चिमी कमलेश दीक्षित के अनुसार, पीड़िता ने जीवनसाथी ऐप पर अपनी प्रोफाइल बनाई थी। अप्रैल महीने में उसकी पहचान एजाज मिर्जा नाम के युवक से हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को अहमदाबाद का रहने वाला बताया और कुछ दिनों बाद महिला के सामने शादी का प्रस्ताव रख दिया।

महिला का आरोप है कि शादी की बात आगे बढ़ाने के बहाने एजाज ने उसे 16 मई को Lucknow बुलाया। दोनों की मुलाकात चारबाग स्थित एक होटल में हुई।

होटल में दुष्कर्म का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि होटल में शादी का भरोसा देकर आरोपी ने दो दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद काम का बहाना बनाकर उससे 25 हजार रुपये नकद और 6 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। साथ ही उसकी सोने की चेन और झुमके भी लेकर चला गया।

जब आरोपी काफी देर तक वापस नहीं लौटा और उसका मोबाइल भी बंद मिलने लगा, तब महिला को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ। इसके बाद उसने नाका कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने बताया कि दर्ज मुकदमे के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही थी। मंगलवार को उसे चारबाग बस अड्डे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Also Read: Lucknow News: ई-रिक्शा से रेकी कर घरों में चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, जेवरात व नकदी बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.