Lucknow: अब नहीं होगी टेंडरबाजी में गड़बड़ी! LDA ने लागू किया हाईटेक GIS सिस्टम

Lucknow News: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने शहर में होने वाले विकास कार्यों को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब प्राधिकरण के सभी प्रमुख विकास कार्यों की GIS (Geographic Information System) टैगिंग की जाएगी, जिससे किसी भी परियोजना का पूरा ब्योरा एक क्लिक में देखा जा सकेगा। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाना और एक ही काम के लिए अलग-अलग विभागों द्वारा टेंडर जारी होने जैसी गड़बड़ियों को रोकना है।

LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग सेल (PMC) जीआईएस पोर्टल पर विशेष मॉड्यूल तैयार कर रही है। प्राधिकरण के अनुसार, इसका करीब 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

एक क्लिक में मिलेगा हर प्रोजेक्ट का पूरा रिकॉर्ड

नई व्यवस्था लागू होने के बाद प्रत्येक विकास कार्य की GIS टैगिंग की जाएगी। इसमें यह जानकारी दर्ज रहेगी कि परियोजना कब शुरू हुई, कब तक पूरी होगी, किस संस्था द्वारा कार्य कराया जा रहा है और उस पर कितनी लागत खर्च की जा रही है।

इसके अलावा शहर के सभी जोनों में चल रहे विकास कार्यों का रिकॉर्ड भी ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा, जिससे अधिकारी और संबंधित विभाग आसानी से परियोजनाओं की निगरानी कर सकेंगे।

डुप्लीकेट टेंडर पर लगेगी रोक

LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि पहले कुछ मामलों में नगर निगम और एलडीए द्वारा एक ही विकास कार्य के लिए अलग-अलग टेंडर जारी होने की स्थिति सामने आई थी। नए GIS पोर्टल के लागू होने के बाद ऐसी गड़बड़ियों पर प्रभावी रोक लगेगी, क्योंकि हर परियोजना की जानकारी पहले से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेगी।

उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अवस्थापना निधि से कराए गए सभी विकास कार्यों की GIS टैगिंग पूरी कर ली गई है। अब अन्य योजनाओं का डेटा भी चरणबद्ध तरीके से पोर्टल पर अपडेट किया जा रहा है।

कलर कोड से होगी आसान पहचान

GIS पोर्टल पर विकास कार्यों को अलग-अलग कलर कोड के जरिए चिन्हित किया जाएगा। जिस वर्ष की परियोजनाओं की जानकारी देखनी होगी, उस वर्ष के कलर कोड पर क्लिक करते ही संबंधित सभी विकास कार्यों का पूरा विवरण स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाएगा। इससे न केवल निगरानी आसान होगी, बल्कि योजनाओं की प्रगति पर भी रियल टाइम नजर रखी जा सकेगी।

Also Read: Lucknow: प्रसव के दौरान जमीन पर गिरने से नवजात की मौत, घरवालो का आरोप – झांकने तक नहीं आए डॉक्टर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.