UP में कांवड़ यात्रा के नए नियम, DJ की आवाज और ऊंचाई पर सख्ती, कांवड़ियों की ड्रेस में होगी पुलिस

Kanwar Yatra 2026: यूपी में इस बार कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। महाकुंभ की तर्ज पर तैयारियां की जा रही हैं। मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर ने यात्रा को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कांवड़ और डीजे की ऊंचाई तय करने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

निर्देशों के मुताबिक इस बार कुछ पुलिसकर्मी कांवड़ियों की वेशभूषा में भी यात्रा मार्ग पर तैनात रहेंगे, ताकि भीड़ के बीच रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा सके।

Kanwar Yatra 2026 के नए नियम

  • कांवड़ और डीजे की ऊंचाई 10 फीट तथा चौड़ाई 12 फीट से कम रखने की सलाह।
  • म्यूजिक सिस्टम की आवाज अधिकतम 75 डेसीबल होगी।
  • केवल धार्मिक गीत बजाए जाएंगे, अश्लील या धार्मिक भावनाएं आहत करने वाले गानों पर पूरी तरह रोक रहेगी।
  • डीजे प्रतियोगिताओं की अनुमति नहीं होगी।
  • नियम तोड़ने वालों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तारी तक की कार्रवाई की जाएगी।
  • सभी डीजे संचालकों को BNSS की धारा-168 के तहत नोटिस जारी किए गए हैं।

होटल-ढाबों पर QR Code अनिवार्य

इस बार सभी थानों में कांवड़ रजिस्टर तैयार किया जाएगा, जिसमें यात्रा से जुड़ी जरूरी जानकारी दर्ज होगी। वहीं कांवड़ मार्ग पर मौजूद होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों को खाद्य एवं औषधि प्रशासन से QR Code लेना होगा। श्रद्धालु QR Code स्कैन कर खाने-पीने की वस्तुओं की कीमत देख सकेंगे, जिससे ओवरचार्जिंग पर रोक लगेगी।

प्रशासन ने पूरे मार्ग पर दिशा-सूचक बोर्ड लगाने, मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, गोताखोरों की तैनाती और बिजली व्यवस्था को सुरक्षित करने के भी निर्देश दिए हैं। मेरठ से हरिद्वार और देहरादून जाने वाले वाहनों को मेरठ-करनाल हाईवे होते हुए शामली के रास्ते ग्रीन कॉरिडोर से भेजा जाएगा। हालांकि मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे सामान्य रूप से खुले रहेंगे।

Also Read: ‘अनर्गल आरोप लगाए गए’… चंपत राय ने तोड़ी चुप्पी, कहा- अंतिम SIT रिपोर्ट के बाद जवाब दूंगा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.