गोरखपुर में पेंट कारोबारी के घर ATS का छापा, घंटों चली तलाशी, साइबर ठगी कनेक्शन की जांच
Gorakhpur ATS Raid: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बुधवार सुबह एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने एक पेंट कारोबारी के घर छापेमारी की। सुबह करीब 5 बजे एटीएस की टीम भारी पुलिस बल के साथ तिवारीपुर थाना क्षेत्र के इलाहीबाग स्थित माई धीया गड़ही मोहल्ले पहुंची। टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर घर की गहन तलाशी ली। इस दौरान परिवार के किसी भी सदस्य को बाहर जाने या बाहरी व्यक्ति को अंदर आने की अनुमति नहीं दी गई।
मोबाइल, लैपटॉप समेत इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की जांच
जानकारी के अनुसार, कारोबारी की दुकान इलाहीबाग में सरकारी प्राइमरी स्कूल के पास है। तलाशी के दौरान एटीएस ने घर के हर कमरे की बारीकी से जांच की। मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी पड़ताल की गई। सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी कुछ सामान अपने साथ भी ले गई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है मामला
सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े संदिग्ध लेन-देन और डिजिटल गतिविधियों के इनपुट के आधार पर की गई है। हालांकि, एटीएस या पुलिस ने अभी तक छापेमारी की असली वजह या किसी बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से इलाके में लोगों के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

