Bareilly News: मादक पदार्थ के साथ तस्कर गिरफ्तार

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना सुभाषनगर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5 किलो 505 ग्राम ‘डोडा छिलका’ (मादक पदार्थ) के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 22 वर्षीय अंशु उर्फ अनिकेत पुत्र गब्बर के रूप में हुई है, जो सुभाषनगर क्षेत्र के ही गणेश नगर का रहने वाला है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 7 जुलाई, 2026 को पुलिस टीम को मुखबिर से एक गुप्त सूचना मिली थी। इसी पुख्ता सूचना के आधार पर थाना प्रभारी सतीश कुमार नैन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने श्मशान भूमि वाले मार्ग पर घेराबंदी कर आरोपी अनिकेत को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में अवैध डोडा छिलका बरामद हुआ।

कड़ाई से पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूलते हुए पुलिस को बताया कि वह यह मादक पदार्थ (डोडा) लेकर उत्तराखंड में सप्लाई करने का काम करता है। आज भी वह इसे उत्तराखंड में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

यह कोई पहला मामला नहीं है जब आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आया हो। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, तस्कर अनिकेत का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पहले से ही बरेली के थाना कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट तहत मुकदमा दर्ज है।

वर्तमान मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सुभाषनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। इस सफल गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक सतीश कुमार नैन के साथ उप-निरीक्षक जितेन्द्र कुमार, उप-निरीक्षक प्रसून कटियार, हेड कांस्टेबल राजीव कुमार, हेड कांस्टेबल विनय कुमार और सिपाही सुदीप कुमार शामिल रहे।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: गोरखपुर में पेंट कारोबारी के घर ATS का छापा, घंटों चली तलाशी, साइबर ठगी कनेक्शन की जांच

Get real time updates directly on you device, subscribe now.