अयोध्या राम मंदिर में फर्जी रसीद से चंदा ऐंठने का बड़ा खुलासा, पुलिस रिमांड पर 3 मुख्य आरोपी

Ayodhya News: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में प्रसिद्ध राम मंदिर के चढ़ावे और चंदे में हुई चोरी का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नित नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। अब इस पूरे प्रकरण में राम मंदिर के नाम पर फर्जी रसीद काटकर श्रद्धालुओं से मोटा चंदा ऐंठने का एक नया और गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस जांच में यह साफ हो गया है कि आरोपी न केवल मंदिर के चढ़ावे पर हाथ साफ करते थे, बल्कि राम भक्तों की आस्था का फायदा उठाकर उनसे अवैध रूप से पैसे भी वसूलते थे।

नकली रसीद बुक बरामद

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की निशानदेही पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के नाम पर छपवाई गई पुरानी और फर्जी रसीद बुक बरामद की गई है। पूछताछ में मुख्य आरोपी टिन्नू यादव, लव कुश, करुणेश और अनुकल्प मिश्रा समेत अन्य आरोपियों ने कुबूल किया है कि जब भी कोई श्रद्धालु मंदिर में बड़ा दान देने की इच्छा जताता था, तो ये लोग उसे झांसे में लेने के लिए वही नकली रसीद थमा देते थे। इससे दानकर्ताओं को जरा भी शक नहीं होता था। पुलिस अब इन सभी बरामद रसीदों को वेरिफाई करने में जुटी है ताकि ठगी के शिकार हुए लोगों का पता लगाया जा सके।

आरोपियों को ठिकानों पर ले गई पुलिस

इस महाघोटाले की कड़ियां जोड़ने के लिए अयोध्या पुलिस बेहद मुस्तैद दिख रही है। बुधवार को पुलिस टीम तीन मुख्य आरोपियों अनुकल्प मिश्रा, लव कुश मिश्रा और करुणेश पांडे को कोर्ट से रिमांड पर लेकर जेल से बाहर आई। पुलिस इन तीनों को उनके संभावित ठिकानों और छिपने की जगहों पर लेकर गई है, ताकि चोरी किए गए चढ़ावे और उससे जुड़े अन्य अहम सामानों की शत-प्रतिशत बरामदगी की जा सके। इसके साथ ही, आरोपियों के बैंक खातों में जमा भारी-भरकम रकम और अवैध कमाई से खरीदी गई संपत्तियों व जमीनों के बारे में भी गहन पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के निशाने पर विशेष रूप से मुख्य आरोपी अनुकल्प मिश्रा की हाल ही में खरीदी गई कीमती संपत्तियां हैं। पुलिस अनुकल्प के नए आलीशान घर, लग्जरी गाड़ियों और निवेश के स्रोतों को लेकर कड़े सवाल-जवाब कर रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि जरूरत पड़ने पर इन सभी संदिग्ध ठिकानों की सघन तलाशी भी ली जाएगी। इससे पहले पुलिस ने जेल के भीतर ही पांच आरोपियों से लंबी पूछताछ की थी, जिसमें मिले सुरागों के आधार पर ही अब इन तीन मुख्य आरोपियों को पुलिस रिमांड में लेकर शिकंजा कसा जा रहा है।

Also Read: FBI की रडार पर पंजाब का SHO, गैंगस्टर से सांठगांठ और 3.8 करोड़ की वसूली का आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.