FBI की रडार पर पंजाब का SHO, गैंगस्टर से सांठगांठ और 3.8 करोड़ की वसूली का आरोप
Punjab News: पंजाब के होशियारपुर जिले के टांडा थाने के SHO गुरिंदरजीत सिंह नागरा पर अमेरिकी संघीय जांच एजेंसी FBI ने गंभीर आरोप लगाए हैं। अमेरिकी अभियोजकों का दावा है कि नागरा ने गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के संगठित अपराध सिंडिकेट की मदद की और जबरन वसूली में भूमिका निभाई। मामला सामने आते ही पंजाब पुलिस ने उन्हें पुलिस लाइन में पनिशमेंट पोस्टिंग पर भेज दिया और विभागीय जांच शुरू कर दी।
‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ में सामने आए आरोप
ये आरोप अमेरिका के ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत सामने आए हैं। यह अंतरराष्ट्रीय अभियान अमेरिका, कनाडा और यूरोपीय देशों में सक्रिय हत्या, ड्रग तस्करी, जबरन वसूली और संगठित अपराध से जुड़े गिरोहों के खिलाफ चलाया जा रहा है। आरोप है कि नागरा ने भगवानपुरिया गैंग के साथ मिलकर लोगों को झूठे हत्या के मामले में फंसाने की धमकी देकर लाखों रुपये की वसूली कराई।
FBI वीडियो के बाद बढ़ी कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, FBI की मीडिया ब्रीफिंग का वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में आया। अमेरिकी अभियोजकों का दावा है कि लॉस एंजिल्स में रहने वाले एक परिवार से भारत में उनके रिश्तेदार के खिलाफ झूठा हत्या का मामला दर्ज कराने की धमकी देकर करीब 4 लाख डॉलर (करीब 3.8 करोड़ रुपये) की वसूली में गैंग की मदद की गई। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
🚨US authorities claim Indian police officer Gurinderjit Singh Nagra (DySP, Punjab Police, Tanda) demanded $400,000 from a Los Angeles family, threatening false murder charges.
America seeks his extradition from India. No reaction yet from Indian govt or Punjab Police. pic.twitter.com/A4ugR1pBAP— The Sikh Voice (@The_SikhVoice) July 8, 2026
होशियारपुर के SSP संदीप कुमार मलिक ने कहा कि पंजाब पुलिस को अभी तक FBI या भारत सरकार की ओर से कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। इसके बावजूद जालंधर के एक SP की अगुवाई में प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

