Lucknow वालों के लिए बड़ी राहत, पॉलीटेक्निक चौराहे पर बनेगा 700 मीटर अंडरपास
Lucknow News: लखनऊ के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल पॉलीटेक्निक (Polytechnic) चौराहे पर लगने वाले लंबे जाम से लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। यहां एचएएल (HAL) के सामने से वेब सिनेमा तक करीब 700 मीटर लंबा अंडरपास बनाने की योजना तैयार की गई है। इस परियोजना पर करीब 90 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। शासन से मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
इस अंडरपास के बनने से सिर्फ लखनऊ ही नहीं, बल्कि अयोध्या, गोरखपुर, बहराइच, गोंडा और बलरामपुर समेत कई जिलों से आने-जाने वाले लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी। फिलहाल इन रूटों से आने वाले हजारों वाहन रोज पॉलीटेक्निक चौराहे पर जाम में फंसते हैं।
प्रोजेक्ट की खास बातें
- HAL के सामने से वेब सिनेमा तक 700 मीटर लंबा अंडरपास बनेगा।
- परियोजना की अनुमानित लागत करीब 90 करोड़ रुपये है।
- प्रस्ताव को सेतु निगम ने तैयार कर शासन की मंजूरी के लिए भेज दिया है।
- स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
यह प्रस्ताव फरवरी में विधानसभा के बजट सत्र के दौरान लखनऊ पूर्व के विधायक ओपी श्रीवास्तव ने उठाया था। उन्होंने कहा था कि इस अंडरपास के बनने से रोज लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी और सफर का समय भी बचेगा। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद सेतु निगम ने इसे अपनी कार्ययोजना में शामिल कर लिया।
रोज 50 हजार से ज्यादा वाहनों का दबाव
Lucknow के पॉलीटेक्निक चौराहे से प्रतिदिन 50 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। इनमें एचएएल की ओर से आने वाले 15 से 20 हजार वाहन अयोध्या रोड और गोमतीनगर की तरफ जाते हैं। पीक ऑवर में यही दबाव अक्सर लंबे ट्रैफिक जाम की वजह बनता है। अंडरपास बनने के बाद इस मार्ग पर यातायात काफी हद तक सुगम होने की उम्मीद है।
हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि यदि भविष्य में अंडरपास को अयोध्या रोड की दिशा तक भी विस्तार दिया जाए तो मुंशीपुलिया की ओर बनने वाले ट्रैफिक दबाव को भी काफी हद तक कम किया जा सकता है।
Also Read: 10.33 करोड़ की सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर, लखनऊ नगर निगम ने ध्वस्त की अवैध प्लॉटिंग

