Lucknow: घर से 80 हजार रुपए लेकर निकले युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने काटा हंगामा

Lucknow: लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में ऑटो खरीदने निकले 30 वर्षीय युवक का शव आगरा एक्सप्रेसवे के किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक घर से 80 हजार रुपये लेकर निकला था। पुलिस ने उसके साथ आखिरी बार मौजूद रहे ऑटो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, मुसीबत खेड़ा मजरा दोना गांव निवासी दिलीप रावत मंगलवार को ऑटो खरीदने के लिए घर से निकले थे। उनके साथ गांव का ही ऑटो चालक मुजीब उर्फ मुन्ना भी था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर काकोरी थाने में सूचना दी गई।

आगरा एक्सप्रेसवे किनारे मिला शव

गुमशुदगी की सूचना के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की। बुधवार को भलिया क्षेत्र में आगरा एक्सप्रेसवे के किनारे एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान दिलीप रावत के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना पर एडीसीपी पश्चिमी, एसीपी काकोरी, काकोरी, दुबग्गा और पारा थाना पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की।

साथी हिरासत में, हत्या के कारण की जांच

पुलिस ने दिलीप के साथ आखिरी बार मौजूद रहे ऑटो चालक मुजीब उर्फ मुन्ना को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस रुपये के लेनदेन समेत अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

काकोरी प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: लखनऊ में 8,000 पेड़ बचाने का प्लान, अनंत नगर योजना में होगा मेगा ट्रांसप्लांट अभियान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.