मशहद पहुंचा खामेनेई का पार्थिव शरीर, आज इमाम रजा के रौजे के पास होंगे सुपुर्द-ए-खाक
Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता (सुप्रीम लीडर) अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की रस्में अपने आखिरी चरण में हैं और गुरुवार को उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। इराक में धार्मिक रस्में पूरी होने के बाद उनके पार्थिव शरीर को विशेष विमान (महन एयर) के जरिए ईरान के मशहद शहर लाया गया है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ने विमान के रनवे पर उतरने का वीडियो भी जारी किया है।
अधिकारियों के मुताबिक, इराक के पवित्र शहरों नजफ और कर्बला में अंतिम विदाई के दौरान उम्मीद से कहीं ज्यादा भीड़ उमड़ने के कारण तय कार्यक्रम में करीब 8 घंटे की देरी हो गई है। अब भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे उन्हें मशहद स्थित प्रसिद्ध इमाम रजा के रौजे (दरगाह) के पास उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार दफनाया जाएगा।
अंतिम संस्कार के समय में हुए बदलावों को लेकर ईरानी अधिकारियों ने स्थिति स्पष्ट की है। प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम में हुई यह देरी हालिया हमलों या सुरक्षा कारणों की वजह से नहीं है, बल्कि बुधवार को इराक में उमड़े अभूतपूर्व जनसैलाब के चलते रस्मों को पूरा करने में अधिक समय लग गया। इधर मशहद शहर में अंतिम यात्रा शुरू होने से पहले ही लाखों लोगों का हुजूम सड़कों पर उतर आया है और अपने नेता के आखिरी दर्शन के लिए लगातार लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है।
खामेनेई के अंतिम संस्कार की कड़ियों की शुरुआत ईरान की राजधानी तेहरान से हुई थी, जहां उन्हें राजकीय सम्मान और श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को शिया समुदाय के पवित्र शहर ‘कोम’ ले जाया गया, जहां कई विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
इराक के नजफ और कर्बला में धार्मिक रस्में
कोम के बाद उनके पार्थिव शरीर को पड़ोसी देश इराक ले जाया गया। वहां शिया जगत के सबसे पवित्र स्थलों नजफ और कर्बला में विशेष प्रार्थनाएं और अंतिम दर्शन के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु और शोक संतप्त लोग शामिल हुए।
इराक की रस्में पूरी होने के बाद विशेष विमान से पार्थिव शरीर को उनके गृह शहर मशहद लाया गया है। अयातुल्ला अली खामेनेई ने अपने जीवनकाल में इच्छा जताई थी कि उन्हें इमाम रजा के रौजे के पास दफनाया जाए, जिसे अब पूरा किया जा रहा है।
Also Read: ‘शासन-प्रशासन मेरा है’… सुल्तानपुर में BJP महिला कोषाध्यक्ष ने दरोगा के सामने युवक को जड़ा थप्पड़

