Siddharthnagar News: सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ सत्र 2026–27 का शंखनाद
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद स्थित सिद्धार्थ विश्वविद्यालय (कपिलवस्तु) में ग्रीष्मावकाश के बाद नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का बेहद आध्यात्मिक और भव्य आगाज हुआ है। नए सत्र की शुरुआत विश्वविद्यालय परिसर में बने भगवान शिव के मंदिर में विशेष वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और पूजन-अर्चन के साथ की गई। कुलपति प्रो. कविता शाह की अगुवाई में आयोजित इस अनुष्ठान में विश्वविद्यालय के तमाम शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया और छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य व संस्थान की शैक्षणिक प्रगति के लिए प्रार्थना की।
केवल किताबी ज्ञान नहीं, सर्वांगीण विकास है लक्ष्य: कुलपति
इस खास मौके पर कुलपति प्रो. कविता शाह ने पूरे विश्वविद्यालय परिवार को नए सत्र की बधाई दी। उन्होंने अपने संबोधन में इस बात पर विशेष जोर दिया कि विश्वविद्यालय का मुख्य ध्येय सिर्फ डिग्रियां बांटना या गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना ही नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर नैतिक मूल्यों को जगाना, उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना और उनमें सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करना है।
उन्होंने आगे कहा कि सिद्धार्थ विश्वविद्यालय पूर्वांचल के इलाके में उच्च शिक्षा के एक बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है। संस्थान राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के दिशा-निर्देशों के तहत शिक्षण, अनुसंधान और नवाचार के नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए लगातार काम कर रहा है। कुलपति ने संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्यों और शिक्षकों से भी शोध कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

नियमित कक्षाएं हुईं शुरू
इस गरिमामयी पूजा और सत्र शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय का पूरा प्रशासनिक ढांचा मौजूद रहा। इनमें मुख्य रूप से कुलसचिव डॉ. अश्वनी कुमार, परीक्षा नियंत्रक दीनानाथ यादव, कला संकाय की डीन प्रो. नीता यादव, विज्ञान संकाय की डीन प्रो. प्रकृति राय, वाणिज्य संकाय के डीन प्रो. सौरभ और शैक्षणिक अधिष्ठाता प्रो. जितेन्द्र कुमार सिंह सहित भारी संख्या में प्रोफेसर और अधिकारी शामिल थे।
विश्वविद्यालय के सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी व मीडिया प्रभारी डॉ. अविनाश प्रताप सिंह ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि नए शैक्षणिक सत्र के पहले दिन से ही विश्वविद्यालय परिसर में सभी तरह की नियमित शैक्षणिक गतिविधियां और कक्षाएं सुचारु रूप से संचालित कर दी गई हैं।
रिपोर्ट- जाकिर खान

