Siddharthnagar News: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम 11 जुलाई को, तैयारियों को परखने BSA ग्राउंड पहुंचे डीएम और सीडीओ
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में आगामी 11 जुलाई को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम को भव्य और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। तैयारियों का जमीनी जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह के साथ मिलकर कार्यक्रम स्थल बीएसए ग्राउंड का विस्तृत निरीक्षण किया।
मौके पर मौजूद जिला समाज कल्याण अधिकारी को कड़े निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय रहते और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक विकास खंड से आने वाले लाभार्थियों और उनके परिजनों के बैठने के लिए उचित और अलग व्यवस्था की जाए, साथ ही हर ब्लॉक के लिए स्पष्ट पहचान बैनर भी लगाए जाएं।

सामान वितरण स्थल पर लगेगी लिस्ट
सामूहिक विवाह के दौरान नव-दंपतियों को दी जाने वाली उपहार सामग्री में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने के लिए डीएम ने विशेष निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सामग्री वितरण स्थल पर स्पष्ट बैनर लगाने के साथ-साथ दी जाने वाली सभी वस्तुओं की सूची को भी बड़े अक्षरों में प्रदर्शित किया जाए, ताकि किसी को कोई भ्रम न रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दो टूक लहजे में चेतावनी दी कि इस बड़े आयोजन में किसी भी स्तर पर कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बाकी बची तैयारियों को तय समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरा कर लिया जाए।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट दिखा। इस मौके पर उपजिलाधिकारी नौगढ़ राहुल सिंह, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह और नगर पालिका सिद्धार्थनगर के अधिशासी अधिकारी अजय कुमार सिंह सहित कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: Bareilly News: मनौना धाम के महंत को धमकी देने वाला बरेली का हिस्ट्रीशीटर महाराष्ट्र से गिरफ्तार

