रियलिटी शो में गालियों पर भड़के सुधांशु पांडे, लोगों ने कहा- सुनीता आहूजा पर साधा निशाना
Sudhanshu Pandey: अभिनेता सुधांशु पांडे ने हाल ही में इंस्टाग्राम लाइव के दौरान कई सामाजिक मुद्दों पर अपनी राय रखी। उन्होंने ग्लोबल वॉर्मिंग के साथ-साथ सोशल मीडिया और ओटीटी रियलिटी शोज में बढ़ती अभद्र भाषा पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आजकल ऐसी चीजें तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं, जिन्हें वह समाज के लिए नुकसानदायक मानते हैं।
सुधांशु ने कहा, “लोगों को ऐसी चीजें पसंद आ रही हैं जो मुझे क्रिंज लगती हैं। क्या हमारे देश की मानसिकता बदल रही है? मुझे लगता है कि सिर्फ नई पीढ़ी ही नहीं, पिछली दो पीढ़ियों की सोच में भी बदलाव आया है।”
रियलिटी शो और ‘सीनियर एक्टर की पत्नी’ का किया जिक्र
बातचीत के दौरान सुधांशु ने कहा कि उन्होंने हाल ही में एक ओटीटी रियलिटी शो की कुछ क्लिप्स देखीं, जहां प्रतिभागी खुलेआम गालियां दे रहे थे। उन्होंने कहा, “कभी-कभी लड़कियां भी जरूरत से ज्यादा गालियां देती नजर आती हैं। कूल बनने का मतलब पूरी तरह गलत समझ लिया गया है।”
बिना किसी का नाम लिए उन्होंने यह भी कहा कि एक सीनियर अभिनेता की पत्नी, जो उस शो का हिस्सा हैं, वह भी खुलेआम गालियां देती दिखाई दीं। उन्होंने सवाल उठाया कि वरिष्ठ लोगों को युवा पीढ़ी के सामने बेहतर उदाहरण पेश करना चाहिए।
सोशल मीडिया पर शुरू हुई चर्चाएं
हालांकि, सुधांशु पांडे ने किसी व्यक्ति या शो का नाम नहीं लिया। लेकिन उनके बयान के बाद सोशल Media पर कई यूजर्स ने कयास लगाए कि उनका इशारा नेटफ्लिक्स के एक रियलिटी शो और उसमें शामिल एक वरिष्ठ अभिनेता की पत्नी की ओर था। इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सुधांशु ने अंत में कहा कि शब्दों में बहुत ताकत होती है। उनके अनुसार, यदि लोग सिर्फ गालियां देकर और दूसरों का अपमान करके पहचान बनाना चाहते हैं, तो यह समाज के लिए चिंताजनक स्थिति है।

