50 करोड़ की साइबर ठगी का पर्दाफाश, Agra पुलिस ने एक साथ 100 ठिकानों पर दी दबिश, 60 गिरफ्तार
Agra Cyber Crime News: साइबर अपराध के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस ने आगरा में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ 100 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की। इस अभियान में साइबर ठगी के आरोप में 60 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये आरोपी देश के 13 राज्यों में करीब 50 करोड़ रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस अब इनके नेटवर्क और ठगी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
डीसीपी पश्चिम आदित्य के मुताबिक, कार्रवाई राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) पर दर्ज शिकायतों के आधार पर की गई। शिकायतों के सत्यापन के बाद संबंधित जिलों को सूचना भेजी गई, जिसके बाद आगरा पुलिस ने एक साथ कई टीमों के साथ अभियान चलाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
ऐसे काम करता था साइबर ठगों का नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी दूसरों के नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे और उन्हीं खातों में साइबर ठगी से हासिल रकम मंगाते थे। इसके बाद अलग-अलग तरीकों से लोगों को झांसे में लेकर उनके साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी की जाती थी।
अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में 16 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। वहीं, जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस गिरोह से और कितने लोग जुड़े हैं तथा ठगी की रकम का इस्तेमाल कहां-कहां किया गया।
पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: लखनऊ के बुद्धेश्वर मंदिर में घंटा चुराते रंगेहाथ पकड़ा गया सेवादार

