MCG से PM मोदी ने किया ऐतिहासिक ऐलान, चेन्नई में होगा Big Bash League का ओपनिंग मैच
PM Modi Australia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी ऑस्ट्रेलिया यात्रा के दौरान शुक्रवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) से भारत और ऑस्ट्रेलिया के खेल संबंधों को नई ऊंचाई देने वाला बड़ा ऐलान किया। इस साल दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित टी-20 प्रतियोगिता बिग बैश लीग (Big Bash League) का उद्घाटन मुकाबला चेन्नई में खेला जाएगा। यह पहली बार होगा जब किसी विदेशी क्रिकेट लीग का आधिकारिक मैच भारत में आयोजित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी के साथ इस मौके पर ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विश्व विजेता कप्तान स्टीव वॉ भी मौजूद रहे। इस फैसले को दोनों देशों के बीच खेल, संस्कृति और आपसी सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
कुछ ही देर बाद PM Modi ने MCG में मौजूद युवा क्रिकेटरों से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया, उनसे बातचीत की और उनकी जर्सियों पर ऑटोग्राफ भी दिए। इस दौरान मैदान पर मौजूद लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
‘जी-डे नमस्ते’ उत्सव का होगा सबसे बड़ा आकर्षण
चेन्नई में होने वाला बिग बैश लीग (Big Bash League) का उद्घाटन मैच दिसंबर में आयोजित होने वाले ‘G’Day Namaste’ उत्सव का प्रमुख आकर्षण होगा। यह सप्ताहभर चलने वाला कार्यक्रम भारत में ऑस्ट्रेलियाई संस्कृति, व्यापार, शिक्षा, पर्यटन और खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जाएगा। दोनों देशों की सरकारें इसे लोगों के बीच संबंध मजबूत करने की बड़ी पहल मान रही हैं।

MCG दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के आधिकारिक शुभंकर ‘रूबी द रू’ (Ruby the Roo) से भी मुलाकात की। पीएम मोदी, एंथनी अल्बनीज और स्टीव वॉ के साथ इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी रहीं।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट पहले से ही दोनों देशों को जोड़ने वाला मजबूत माध्यम रहा है। ऐसे में Big Bash League का पहला मुकाबला भारत में आयोजित होना खेल जगत के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। इससे दोनों देशों के बीच खेल सहयोग के साथ-साथ सांस्कृतिक और आर्थिक साझेदारी को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
Also Read: भारत को ऑस्ट्रेलिया से मिलेगा यूरेनियम, 2014 की न्यूक्लियर डील आखिरकार हुई लागू

