शेखर सुमन की फिल्म अकादमी के को-फाउंडर धर्मेश संगानी पर ED का छापा

Shekhar Suman Film Academy: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत कारोबारी धर्मेश संगानी और उनकी कंपनी कलानी इम्पेक्स प्राइवेट लिमिटेड के ठिकानों पर छापेमारी की है। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई विदेश में कथित अघोषित संपत्तियों, विदेशी बैंक खातों और निर्यात से होने वाली आय में अनियमितताओं की जांच के तहत की गई।

जांच में क्या सामने आया

अधिकारियों के मुताबिक, जांच में पता चला कि कंपनी की कुछ निर्यात राशि तय समय के बाद भी भारत नहीं लाई गई। कुछ विदेशी खरीदारों से भुगतान नहीं मिला और अधिकृत डीलर बैंक से समय बढ़ाने की अनुमति भी नहीं ली गई। साथ ही, बकाया राशि की वसूली के लिए जरूरी दस्तावेजी प्रयास भी नहीं मिले। कुछ मामलों में भुगतान मूल खरीदार की जगह किसी तीसरी कंपनी से मिलने की बात भी सामने आई है।

विदेशी संपत्तियों और खातों की जांच

ईडी का दावा है कि छापेमारी में अघोषित विदेशी संपत्तियों और बैंक खातों से जुड़े अहम सबूत मिले हैं। जांच में धर्मेश संगानी की कनाडा की एक कंपनी में बड़ी हिस्सेदारी का भी पता चला, जिसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को नहीं दी गई थी।

इसके अलावा कनाडा, अमेरिका और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में कई विदेशी बैंक खातों और एक बिजनेस एंटिटी का भी पता चला है, जिन्हें घोषित नहीं किया गया था।

मोबाइल फेंकने और सोना जब्त होने का भी आरोप

ईडी ने आरोप लगाया कि छापेमारी के दौरान धर्मेश संगानी ने डिजिटल सबूत मिटाने की कोशिश करते हुए 13वीं मंजिल से अपना मोबाइल फोन नीचे फेंक दिया। बाद में एजेंसी ने मोबाइल बरामद कर जब्त कर लिया और मुंबई पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई। अधिकारियों के अनुसार, संगानी अमेरिकी कस्टम अधिकारियों की जांच के दायरे में भी हैं।

वहीं, सितंबर 2016 में ब्रिटेन की बॉर्डर फोर्स ने उनके पास से करीब 7.4 किलोग्राम सोने के आभूषण भी जब्त किए थे।धर्मेश संगानी फिल्म निर्माण से भी जुड़े हैं और अभिनेता-टीवी होस्ट शेखर सुमन की फिल्म अकादमी के सह-संस्थापक भी हैं।

Also Read : राजपाल यादव को 3 महीने के लिए जाना होगा जेल, चेक बाउंस मामले में हाई कोर्ट का फैसला 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.