Bareilly News: चोरी के दो इंजन बरामद, भुता पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार, साथी की तलाश जारी
Bareilly News: बरेली जनपद के थाना भुता पुलिस ने चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर चोरी किए गए दो हाई स्पीड टॉप लैंड इंजन बरामद किए हैं।
मामले में एक अन्य आरोपी का नाम भी सामने आया है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को ग्राम मगरासा निवासी राजपाल पुत्र मोहनलाल ने थाना भुता में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर से इंजन चोरी कर लिया है।
शिकायत के आधार पर थाना भुता में मुकदमा संख्या 292/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने मामले में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी ज्ञानचंद्र उर्फ ज्ञानी पुत्र बाबूराम निवासी ग्राम गोपालपुर, थाना क्योलड़िया, बरेली और उसके साथी अजय कुमार पुत्र जयंती प्रसाद निवासी ग्राम खिरनकिया, थाना बीसलपुर, पीलीभीत का नाम प्रकाश में लाया।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, 10 जुलाई 2026 को उप निरीक्षक महेश पाल सिंह, उप निरीक्षक सतीश कुमार और पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी ज्ञानचंद्र उर्फ ज्ञानी को गरदाह तिराहे से बीसलपुर रोड की ओर करीब 50 कदम की दूरी से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी का एक इंजन बरामद किया। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर गरदाह तिराहे के पास स्थित एक खंडहर से दूसरा चोरी किया गया इंजन भी बरामद किया गया।
पूछताछ में कबूली चोरी की वारदात
पुलिस पूछताछ में आरोपी ज्ञानचंद्र ने बताया कि करीब एक महीने पहले उसने अपने साथी अजय कुमार के साथ मिलकर ग्राम मगरासा स्थित एक मकान के सामने से इंजन चोरी किया था।
चोरी के बाद दोनों ने इंजन को गरदाह तिराहे के पास एक खंडहर में छिपा दिया था।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर थाना भुता क्षेत्र के ग्राम गरदाह के जंगल से भी एक अन्य इंजन चोरी किया था, जिसे भी उसी खंडहर में छिपाकर रखा गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी इंजन को बेचने की फिराक में ले जा रहा था, जबकि उसका साथी अजय कुमार ग्राहक की तलाश में गया हुआ था।
बरामदगी और पुलिस टीम
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के 02 हाई स्पीड टॉप लैंड इंजन बरामद किए हैं।
इस कार्रवाई में थाना भुता के उप निरीक्षक महेश पाल सिंह, उप निरीक्षक सतीश कुमार, हेड कांस्टेबल 273 आरिफ और कांस्टेबल 1073 गौरव कुमार शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा और फरार आरोपी अजय कुमार की तलाश जारी है।

