राम मंदिर चढ़ावा केस पर सियासत गरम, दीपेंद्र हुड्डा बोले- ‘ट्रस्ट भंग हो, सच सामने लाए सुप्रीम कोर्ट’

Ram Mandir Donation Row: अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। शुक्रवार को लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने केंद्र सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर सवाल उठाए। दोनों नेताओं ने मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में न्यायिक जांच, ट्रस्ट को भंग करने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और पूरे प्रकरण की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। उनका आरोप है कि सिर्फ निचले स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई कर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।

दीपेंद्र हुड्डा बोले- राजीव गांधी सरकार में खुला था राम मंदिर का ताला

प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस भगवान राम और सभी धर्मों की आस्था का सम्मान करती है। उन्होंने दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और तत्कालीन मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह के कार्यकाल में अयोध्या में राम मंदिर का ताला खुला था और पूजा-अर्चना की शुरुआत हुई थी।

उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा का राजनीतिक श्रेय लेने वाली भाजपा अब चढ़ावा चोरी के आरोपों पर चुप है। हुड्डा ने सवाल उठाया कि जब ट्रस्ट का गठन और प्राण प्रतिष्ठा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुई, तो अब इस पूरे मामले की जवाबदेही कौन तय करेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि ट्रस्ट के पदाधिकारियों पर कोई जिम्मेदारी नहीं बनती, तो चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफों को कैसे देखा जाए। उनके मुताबिक, देश जानना चाहता है कि आखिर चढ़ावे में कथित गड़बड़ी कैसे हुई।

कांग्रेस ने रखीं ये प्रमुख मांगें

कांग्रेस ने इस मामले में कई मांगें सामने रखीं। पार्टी ने कहा कि प्रधानमंत्री को पूरे मामले पर देश के सामने जवाब देना चाहिए। जिन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है, उनकी तत्काल गिरफ्तारी होनी चाहिए।

इसके अलावा पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में न्यायिक जांच, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भंग करने, मंदिर के चढ़ावे और दान का फॉरेंसिक ऑडिट कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की भी मांग की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं को अयोध्या में दर्शन करने से रोकने की कोशिश की गई, हालांकि वे भगवान राम के दर्शन कर लौटे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार इस मामले से जुड़े कई तथ्यों को छिपाने का प्रयास कर रही है।

फिलहाल, कांग्रेस के आरोपों और मांगों पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और केंद्र सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Also Read: राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद: चंपत राय और अनिल मिश्र के बीच बढ़ी तल्खी, ट्रस्ट में हलचल तेज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.