Bahamas में बड़ा एयर क्रैश: फ्लेमिंगो एयर का विमान गिरा, 10 लोगों की मौके पर ही मौत
Bahamas Plane Crash: बहामास में 53वें स्वतंत्रता दिवस के जश्न के बीच बड़ा विमान हादसा हो गया। राजधानी नासाऊ के पश्चिम में स्थित नॉर्थ एंड्रोस के पास फ्लेमिंगो एयर (Flamingo Air) का एक छोटा यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 10 लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे देश में उत्सव का माहौल मातम में बदल गया। सरकार ने दुर्घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं, जबकि विमान का ब्लैक बॉक्स भी तलाशा जा रहा है।
विमान बहामास की राजधानी नासाऊ स्थित लिंडन पिंडलिंग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सैन एंड्रोस के लिए रवाना हुआ था। उड़ान के दौरान यह नॉर्थ एंड्रोस क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। शुरुआती जानकारी में एक व्यक्ति के जीवित बचने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में प्रधानमंत्री फिलिप ब्रेव डेविस ने पुष्टि की कि उसकी भी गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई। अधिकारियों ने फिलहाल मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
हादसे के बाद Flamingo Air की उड़ानें रोकी गईं
दुर्घटना (Bahamas Plane Crash) के बाद ऊर्जा, उपयोगिता और विमानन मंत्रालय ने एहतियातन फ्लेमिंगो एयर का एयर ऑपरेटर सर्टिफिकेट अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। जांच पूरी होने तक एयरलाइन की सभी उड़ानें रोक दी गई हैं।

सरकार के अनुसार, इसी दिन फ्लेमिंगो एयर के एक अन्य विमान में भी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई थी। मायागुआना जा रहे विमान के पायलट ने समस्या की सूचना देकर नासाऊ में सुरक्षित लैंडिंग कराई थी। यात्रियों के उतरने के कुछ ही देर बाद विमान में आग लग गई। इस घटना की भी अलग से जांच की जा रही है।
प्रधानमंत्री बोले- खुशी नहीं, शोक का दिन बन गया
प्रधानमंत्री फिलिप ब्रेव डेविस ने हादसे (Flamingo Air Plane Crash) पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि पूरा देश स्वतंत्रता दिवस मना रहा था, लेकिन यह दिन कई परिवारों के लिए जिंदगी का सबसे दुखद दिन बन गया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू की गहन जांच की जाएगी।
Bahamas Plane Crash जांच प्राधिकरण ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान बहामास में पंजीकृत सेसना 402 (Cessna 402) था। विशेषज्ञों की टीम ब्लैक बॉक्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हादसे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
Also Read: PoK में पाकिस्तान सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम, नहीं मानीं मांगें तो बड़े आंदोलन की चेतावनी

