दतिया में नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने से बवाल, NH-44 जाम, पथराव में SP समेत 6 पुलिसकर्मी घायल
Datia By Election: मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी प्रत्याशी घोषित होते ही बड़ा राजनीतिक बवाल खड़ा हो गया। पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने से नाराज उनके समर्थकों ने नेशनल हाईवे-44 पर चक्का जाम कर दिया। विरोध प्रदर्शन देखते ही देखते हिंसक हो गया और पुलिस पर पथराव शुरू हो गया। इस घटना में दतिया के एसपी मयूर खंडेलवाल, एडिशनल एसपी समेत छह से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार शाम से ही करीब तीन हजार प्रदर्शनकारी सड़क पर उतर आए थे। उन्होंने बाजार बंद कराए और NH-44 को जाम कर दिया, जिससे करीब 15 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस और प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने।
पुलिस पर पथराव, आंसू गैस के गोले छोड़े
एसपी मयूर खंडेलवाल के अनुसार, तड़के करीब चार बजे प्रदर्शनकारियों ने अचानक पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, लेकिन पथराव जारी रहा। इसके बाद अतिरिक्त बल बुलाकर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा गया। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
बीजेपी नेता ने पुलिस पर लगाए आरोप
भाजपा जिला मंत्री भानु सिंह ने आरोप लगाया कि पार्टी कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से नरोत्तम मिश्रा को टिकट देने की मांग कर रहे थे। उनका दावा है कि पुलिस ने कार्यकर्ताओं के साथ सख्ती की और उन्हें पार्टी कार्यालय में रोक दिया। उन्होंने कहा कि जब तक नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलेगा, विरोध जारी रहेगा।
बीजेपी ने दतिया उपचुनाव के लिए आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। नरोत्तम मिश्रा और उनके समर्थकों को उम्मीद थी कि पार्टी उन्हें ही मैदान में उतारेगी। टिकट की घोषणा के बाद समर्थक सड़क पर उतर आए। हालांकि, आशुतोष तिवारी ने कहा कि नरोत्तम मिश्रा उनके वरिष्ठ और मार्गदर्शक हैं तथा उनके समर्थन से ही चुनाव लड़ेंगे।
क्यों हो रहा है उपचुनाव?
साल 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने नरोत्तम मिश्रा को हराया था। लेकिन इस वर्ष दिल्ली की एक अदालत ने राजेंद्र भारती को धोखाधड़ी के मामले में तीन साल की सजा सुनाई, जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई। इसी कारण दतिया सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। यहां 30 जुलाई को मतदान और 3 अगस्त को मतगणना होगी।
Also Read: सुनवाई के बीच पहले जजों पर फेंके कागज, फिर CJI को दे दी गाली, सुप्रीम कोर्ट में वकील का बवाल

