लोकबंधु अस्पताल की बदहाल व्यवस्था: टॉर्च की रोशनी में इलाज, प्रेग्नेंट महिलाओं की जांच भी ठप

Lucknow News: लखनऊ के लोकबंधु राजनारायण अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल एक बार फिर खुल गई। शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे बिजली गुल होने के बाद अस्पताल की इमरजेंसी समेत कई विभाग अंधेरे में डूब गए। सबसे गंभीर बात यह रही कि बिजली जाने के बाद न तो जनरेटर चला और न ही इनवर्टर बैकअप काम आया, जिसके चलते डॉक्टरों को मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में मरीजों का इलाज करना पड़ा। करीब आधे घंटे बाद बिजली बहाल होने पर स्थिति सामान्य हुई।

इमरजेंसी, रेडियोलॉजी, ओपीडी और वार्ड सबसे ज्यादा प्रभावित रहे। डॉक्टरों ने अंधेरे में ही मरीजों को ऑक्सीजन लगाई, ग्लूकोज चढ़ाया और गंभीर घायलों के टांके लगाए। वहीं वार्डों में एसी बंद होने से मरीज और तीमारदार उमस और गर्मी से परेशान रहे।

अल्ट्रासाउंड मशीन खराब, गर्भवती महिलाओं की जांच ठप

अस्पताल की गर्भवती महिलाओं के लिए निर्धारित अल्ट्रासाउंड मशीन पिछले दो दिनों से खराब है। इसके कारण रोजाना होने वाली 50 से 60 महिलाओं की जांच पूरी तरह प्रभावित हो गई है। शुक्रवार को नाराज महिलाओं ने अस्पताल में हंगामा भी किया। अधिकारियों ने एक-दो दिन में मशीन ठीक कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

वहीं सामान्य मरीजों को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए 23 जुलाई की तारीख दी जा रही है, जिससे इलाज में भी देरी हो रही है।

दलाल भी हुए सक्रिय

अल्ट्रासाउंड सेवा बंद होने का फायदा उठाकर निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों के दलाल अस्पताल परिसर में सक्रिय हो गए हैं। मरीजों को निजी केंद्रों पर जांच कराने के लिए बहलाने-फुसलाने की शिकायतें भी सामने आई हैं।

गौरतलब है कि एक दिन पहले गुरुवार को भी अस्पताल में करीब सात घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही थी। तब भी जनरेटर और बैकअप सिस्टम फेल हो गए थे। लगातार दूसरे दिन बिजली व्यवस्था चरमराने से अस्पताल की आपातकालीन सेवाओं और प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Also Read: लोकबंधु नवजात मौत मामला: दो संविदा नर्सों पर कार्रवाई, ऑनकॉल डॉक्टर को सिर्फ नोटिस, जांच पर उठे सवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.