कुशीनगर में CM योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- मंदिरों पर कब्जा करने वाले आस्था की बात न करें
CM Yogi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कुशीनगर दौरे के दौरान 525 करोड़ रुपये की लागत वाली 464 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। ये परियोजनाएं कुशीनगर, रामकोला और हाटा विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी हैं। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “मंदिरों पर कब्जा करने वाले अयोध्या, काशी और मथुरा के बारे में कैसे सोच सकते हैं। धर्म और आस्था पर हमें आईना दिखाने वाले पहले अपना चेहरा देखें।”
दंगे, इंसेफेलाइटिस और विकास का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में त्योहारों के दौरान दंगे होते थे, लेकिन अब प्रदेश में शांति का माहौल है। उन्होंने कहा, “नो कर्फ्यू, नो दंगा… यूपी में सब चंगा।”
सीएम योगी ने पूर्वांचल में लंबे समय तक बच्चों की जान लेने वाली इंसेफेलाइटिस का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अब इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण हो चुका है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश में भूख से मौत नहीं होती और सरकार आवास, बिजली, गैस, इलाज व रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं पर काम कर रही है।
कुशीनगर एयरपोर्ट और 800 करोड़ के पुल का ऐलान
मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया संकट के कारण नए विमान समय पर उपलब्ध नहीं हो सके, इसलिए कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नियमित उड़ानें शुरू नहीं हो पाईं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही यहां से उड़ान सेवा शुरू होगी और कुशीनगर को गया तथा जेवर एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा।
इसके अलावा उन्होंने नारायणी नदी पर करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इसकी डीपीआर तैयार की जा रही है और पुल बनने के बाद दियारा क्षेत्र के गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़ जाएंगे।

