नेपाल दौरे पर जाएगी भारतीय टीम, वैभव सूर्यवंशी और रिंकू सिंह को मिल सकता है मौका

Sports News: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडिया-ए टीम के नेपाल दौरे की पुष्टि कर दी है।

इस दौरे पर भारत की ए टीम दिसंबर 2026 में नेपाल जाएगी, जहां दोनों देशों के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी।

इस सीरीज को नेपाल क्रिकेट के लिए बड़ा अवसर माना जा रहा है, वहीं भारतीय चयनकर्ताओं को भी युवा खिलाड़ियों को परखने का मौका मिलेगा।

इंडिया-ए और नेपाल के बीच पहला टी20 मुकाबला 9 दिसंबर को खेला जाएगा। दूसरा मैच 11 दिसंबर और तीसरा व अंतिम मुकाबला 13 दिसंबर को होगा।

तीनों मैच कीर्तिपुर स्थित त्रिभुवन यूनिवर्सिटी इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेले जाएंगे।

इस सीरीज को अंतिम रूप स्कॉटलैंड में आयोजित आईसीसी की वार्षिक बैठक के दौरान हुई चर्चा के बाद दिया गया।

बैठक में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नेपाल (CAN) के अध्यक्ष चतुर बहादुर चंद, सचिव पारस खड़का और BCCI सचिव देवजीत सैकिया मौजूद रहे।

वैभव सूर्यवंशी और रिंकू सिंह को मिल सकता है मौका

इंडिया-ए के संभावित स्क्वॉड को लेकर भी चर्चा तेज है। दिसंबर में भारतीय सीनियर टीम के व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए इस दौरे पर कई युवा और टी20 विशेषज्ञ खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है।

India A Nepal Tour

संभावित खिलाड़ियों में वैभव सूर्यवंशी, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, प्रिंस यादव और सूर्यांश शेडगे जैसे नाम शामिल हो सकते हैं। हालांकि, टीम का अंतिम चयन BCCI द्वारा बाद में घोषित किया जाएगा।

सीनियर खिलाड़ियों के खेलने की संभावना कम

भारतीय सीनियर टीम का न्यूजीलैंड दौरा 1 दिसंबर को समाप्त होगा, जबकि 13 दिसंबर से श्रीलंका के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज शुरू होनी है।

ऐसे में श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और केएल राहुल जैसे नियमित वनडे खिलाड़ियों के नेपाल दौरे पर जाने की संभावना कम मानी जा रही है।

इसी वजह से चयनकर्ता उन खिलाड़ियों पर भरोसा जता सकते हैं, जो सीनियर टीम में जगह बनाने की दौड़ में हैं या टी20 क्रिकेट में खुद को साबित करना चाहते हैं।

एसोसिएट देशों को लगातार सहयोग दे रहा है BCCI

BCCI पिछले कुछ वर्षों से एसोसिएट देशों के क्रिकेट को मजबूत करने के लिए लगातार सहयोग करता रहा है।

2024 में नेपाल ने टी20 विश्व कप की तैयारियों के तहत गुजरात में आयोजित SMS फ्रेंडशिप कप में हिस्सा लिया था और फाइनल में गुजरात को हराकर खिताब अपने नाम किया था।

इसके अलावा हाल ही में मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) और क्रिकेट युगांडा के बीच पांच साल का समझौता हुआ, जिसके तहत युगांडा की टीम ने मुंबई का दौरा किया।

वहीं, विदर्भ की टीम भी नामीबिया का दौरा कर चुकी है। ऐसे में इंडिया-ए का नेपाल दौरा दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Also Read: T20 सीरीज के बीच दो हिस्सों में बंटा टीम इंडिया का सपोर्ट स्टाफ, वनडे सीरीज की तैयारी के लिए लिया गया फैसला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.