ईरान ने अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए खाड़ी देशों पर बोला हमला

Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान और अमेरिका के बीच चल रहा सैन्य टकराव अब बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है, जिसका सीधा असर पूरे खाड़ी (खाड़ी देशों) क्षेत्र पर दिखने लगा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका द्वारा दक्षिणी ईरान में की गई बमबारी के जवाब में ईरान ने खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को दहलाने का दावा किया है। ईरान की संभ्रांत सैन्य शाखा इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने घोषणा की है कि उसने कतर और जॉर्डन में स्थित अमेरिकी एयरबेस पर बैक-टू-बैक कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं।

ईरानी सरकारी मीडिया आईआरआईबी की रिपोर्ट के अनुसार, आईआरजीसी की एयरोस्पेस फोर्स ने कतर के मशहूर अल उदीद एयरबेस और जॉर्डन के प्रिंस हसन एयरबेस को निशाना बनाया है। ईरान का दावा है कि इस हमले में अमेरिकी सेना के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर और खतरनाक एमक्यू-9 (MQ-9) ड्रोन रखने वाले हैंगर पूरी तरह तबाह हो गए हैं। हालांकि, कतर के रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने अपनी सीमा की ओर आने वाली एक मिसाइल को हवा में ही इंटरसेप्ट (नष्ट) कर दिया था।

अमेरिकी एयर डिफेंस और रडार सिस्टम पर ड्रोन से हमला

ईरानी सेना ने मिसाइलों के साथ-साथ विस्फोटक ड्रोन का भी बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया है। तेहरान का दावा है कि उसने कुवैत और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर ड्रोन हमलों की बौछार कर दी। कुवैत में अमेरिकी सेना के पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम, गोला-बारूद के डिपो और एक रडार साइट को निशाना बनाया गया। वहीं बहरीन में भी अमेरिकी संचार प्रणाली और रडार नेटवर्क को ड्रोन के जरिए नष्ट करने का दावा किया गया है।

ओमान के दुकम पोर्ट पर भारी गोलाबारी

IRGC के जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उन्होंने ओमान के दुकम पोर्ट पर भी भीषण और अचानक हमला किया है। यह पोर्ट अमेरिकी विमानवाहक पोतों के लिए लॉजिस्टिक्स सपोर्ट सेंटर और रीफ्यूलिंग प्लेटफॉर्म के रूप में काम करता है। ईरान ने इस कार्रवाई को अमेरिकी बमबारी के खिलाफ अपने जवाबी हमले का तीसरा चरण बताया है।

बहरीन और कतर में सायरन बजने के बाद हाई अलर्ट

इस भीषण जवाबी हमले के बाद खाड़ी देशों में हड़कंप मच गया है। संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ईरान की ओर से आ रही मिसाइलों और ड्रोनों का सक्रियता से मुकाबला कर रहे हैं, और आसमान में सुनाई दे रहे धमाके मिसाइलों को रोकने के हैं। बहरीन में हवाई हमले के सायरन बजाकर नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है। कतर के गृह मंत्रालय ने भी अपने नागरिकों को घरों के भीतर रहने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सख्त हिदायत दी है। दूसरी तरफ, ईरान ने भी अपने दक्षिण-पश्चिमी तट पर स्थित बंदर-ए-महशहर में एयर डिफेंस सिस्टम को पूरी तरह एक्टिव कर दिया है।

Also Read: आंध्र प्रदेश में कोविड से 2 की मौत के बाद हड़कंप, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.