बाबर जनता पार्टी वाले बयान पर भड़के यूपी के मंत्री नंदी, बोले- राम मंदिर पर सवाल उठाने वालों की गोद में बैठे हैं उद्धव-आदित्य

Prayagraj News: अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे के बयान पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने कड़ा पलटवार किया है। सूबे के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने आदित्य ठाकरे के आरोपों को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। मंत्री नंदी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आदित्य ठाकरे और उनके पिता उद्धव ठाकरे को महाराष्ट्र की जनता पूरी तरह से नकार चुकी है, और अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन बचाने के लिए वे ऐसे बेबुनियाद बयान दे रहे हैं।

बालासाहेब की विरासत खो चुके हैं उद्धव और आदित्य

कैबिनेट मंत्री नंदी ने शिवसेना के संस्थापक को याद करते हुए कहा कि श्रद्धेय बालासाहेब ठाकरे ने पूरे देश में हिंदुत्व की अलख जगाई थी। लेकिन आज उनके बेटे उद्धव ठाकरे और पोते आदित्य ठाकरे अपने तुच्छ राजनीतिक स्वार्थ के लिए उन्हीं लोगों की गोद में जाकर बैठ गए हैं जो हमेशा राम मंदिर और सनातन संस्कृति पर सवाल उठाते रहे हैं। नंदी ने तंज कसते हुए कहा कि आज स्थिति यह हो गई है कि इन दोनों नेताओं को जनता के सामने यह साबित करना पड़ रहा है कि वे ही बालासाहेब की असली विरासत के हकदार और उनके वंशज हैं। खुद को सही साबित करने के लिए वे रोज नए हथकंडे अपना रहे हैं।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आज भारत की प्रगति और विकास चाहने वाला देश का हर नागरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व पर भरोसा जता रहा है। उन्होंने कहा कि गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक भारतीय जनता पार्टी (BJP) को मिल रही लगातार सफलता इस बात का सबसे बड़ा प्रमाण है कि देश की जनता किस तरफ है।

गौरतलब है कि इससे पहले आदित्य ठाकरे ने अयोध्या राम मंदिर के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए बेहद आक्रामक रुख अपनाया था। उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए उसे ‘बाबर जनता पार्टी’ कह डाला था। आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया था कि अयोध्या में कथित लूट और देश में हुए ‘नीट’ (NEET) जैसे बड़े घोटालों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए भारतीय जनता पार्टी जानबूझकर समान नागरिक संहिता (UCC) जैसे संवेदनशील मुद्दों को हवा दे रही है।

Also Read: हाथरस जिला अस्पताल में मानवता शर्मसार, शव वाहन न मिलने पर मां को गोद में उठाकर ई-रिक्शा से घर गया बेबस बेटा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.