गोंडा नगर पालिका का नजूल अमीन 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
Gonda News: उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। भ्रष्टाचार निवारण संगठन देवीपाटन मण्डल की टीम ने नगर पालिका परिषद गोंडा में तैनात संप्रति नजूल अमीन को एक लाख रुपये की मोटी घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया है। एंटी करप्शन की टीम आरोपी को पकड़कर नगर कोतवाली लेकर आई है, जहां उसके खिलाफ कानूनी औपचारिकताएं और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
नजूल अमीन की पहचान गुरुचरन पाण्डेय (पुत्र स्व. राम चन्द्र पाण्डेय) के रूप में हुई है, जो कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम माझा तरहा (पोस्ट- मधईपुर) के निवासी हैं और वर्तमान में गोंडा नगर पालिका में कार्यरत हैं। एंटी करप्शन ब्यूरो के निरीक्षक धनंजय कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित एक विशेष ट्रैप टीम ने सोमवार दोपहर इस पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
मकान की मरम्मत और कागजात दुरुस्त करने के नाम पर मांगी थी घूस
यह पूरी कार्रवाई हरियाणा के रोहतक (जनपद रोहतक, थाना सिविल लाइन्स) के मॉडर्न टाउन निवासी परिवर्तन शुक्ला (पुत्र स्व. विजेन्द्र शुक्ला) की शिकायत पर की गई है, जो वर्तमान में गोंडा के एलबीएस चौराहा स्थित जॉन पार्कर शो रूम के पते पर रह रहे हैं। शिकायतकर्ता ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की थी कि उनके मकान का फॉर्म 45 दुरुस्त करने और मकान की मरम्मत (रिपेयरिंग) का काम सुचारू रूप से शुरू करने की अनुमति देने के एवज में नजूल अमीन गुरुचरन पाण्डेय द्वारा 1,00,000 रुपये की घूस मांगी जा रही थी।
शिकायत का गोपनीय सत्यापन करने के बाद ट्रैप टीम ने सोमवार दोपहर ठीक 12:07 बजे जाल बिछाया। टीम ने वीर अब्दुल हमीद चौराहे के पास, राधाकुण्ड के सभासद अलंकार सिंह के मकान के ग्राउंड फ्लोर (जमीनी तल) पर बने एक कमरे से आरोपी अमीन को रिश्वत की रकम लेते हुए दबोच लिया। एंटी करप्शन टीम की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली नगर, जनपद गोण्डा में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
Also Read: Maatrubhumi Release Update: फिर टल सकती है Salman Khan की ‘मातृभूमि’ की रिलीज डेट

