Balrampur News: तुलसीपुर में 40 लाख की लागत से बन रही सड़क-नाली में घटिया सामग्री का खेल, ईओ ने काम रुकवाने के दिए निर्देश
Balrampur News: तुलसीपुर नगर पंचायत क्षेत्र में जिला शहरी विकास प्राधिकरण (डूडा) के अंतर्गत कराए जा रहे विकास कार्यों में गंभीर वित्तीय अनियमितता और घटिया सामग्री के प्रयोग का मामला सामने आया है। नया पुरवा (डिहवा) में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही सीसी सड़क और नाली निर्माण की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय नागरिकों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। लोगों का सीधा आरोप है कि जिम्मेदार ठेकेदार और तकनीकी अमला मानकों को दरकिनार कर भारी भरकम बजट को कागजों में खपाने की जुगत में लगा है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, नया पुरवा वार्ड के जेके हॉस्पिटल मार्ग पर मदन गोपाल त्रिपाठी एडवोकेट के आवास से खान के मकान तक और श्याम सहाय के भूखंड से इजहार के घर तक करीब 200 मीटर लंबी नाली व सीसी सड़क का निर्माण डूडा के माध्यम से कराया जा रहा है। निर्माण स्थल पर तय मानकों की खुली अनदेखी की जा रही है। तय तकनीकी दिशा-निर्देशों के विपरीत मानकविहीन सस्ती पीली ईंटों की चुनाई की जा रही है तथा मोरंग के स्थान पर बड़े पैमाने पर सफेद बालू का मिश्रण खपाया जा रहा है। इतना ही नहीं, प्रयोग किए जा रहे सीमेंट की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

मोहल्लेवासियों का कहना है कि मानकविहीन सामग्री के इस्तेमाल से बनने वाली सड़क और नाली कुछ ही महीनों में टूटकर बिखर जाएगी, जिससे सरकारी धन की खुली बर्बादी होगी। मामले की शिकायत मिलने पर तुलसीपुर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने कहा कि प्रकरण को गंभीरता से संज्ञान में लिया गया है। उन्होंने निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने और आख्या आने तक कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवाने की बात कही है। नागरिकों ने निर्माण सामग्री की प्रयोगशाला जांच कराने और दोषी फर्म व निगरानी अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट- योगेंद्र त्रिपाठी
Also Read: Bareilly News: अवैध तमंचा और कारतूस के साथ अब्दुल रहमान गिरफ्तार

