UP को मिलेगा नया हाईटेक विधानभवन, सहारा शहर की 245 एकड़ जमीन पर तैयारी तेज

UP New Vidhan Bhavan: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नए विधानभवन के निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं। गोमतीनगर स्थित सहारा शहर की 245 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित इस मेगा प्रोजेक्ट के लिए कई कंपनियां अपनी डिजाइन और मास्टर प्लान पेश कर चुकी हैं। सोमवार को भी कई एजेंसियों ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के सामने अपना प्रेजेंटेशन दिया।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत सिर्फ नया विधानभवन ही नहीं, बल्कि अत्याधुनिक सचिवालय, मुख्यमंत्री आवास, विधायक हॉस्टल और वीवीआईपी प्रशासनिक ब्लॉक भी विकसित किए जाएंगे। अब इन सभी प्रस्तावों पर अंतिम फैसला शासन स्तर पर गठित उच्च स्तरीय समिति करेगी।

UP New Vidhan Bhavan: पेपरलेस होगा विधानसभा

प्रस्तावित नया विधानभवन पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस होगा। इसकी डिजाइन भविष्य की करीब 100 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है। भवन में आधुनिक तकनीक, स्मार्ट प्रशासनिक सुविधाएं और बेहतर कार्यप्रणाली पर विशेष जोर रहेगा।

योजना में सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन को भी प्राथमिकता दी गई है। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान गोमतीनगर में जाम की समस्या से बचने के लिए अंडरग्राउंड टनल और अलग प्रवेश-निकास मार्ग बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। साथ ही अत्याधुनिक सुरक्षा व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।

दिखेगी यूपी की सांस्कृतिक पहचान

प्रस्तावित डिजाइन में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को भी शामिल करने की योजना है, ताकि नया विधानभवन राज्य की पहचान और परंपरा को भी दर्शा सके।

LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि विभिन्न कंपनियों के प्रेजेंटेशन की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। अंतिम चयन उच्च स्तरीय समिति करेगी, जिसके बाद UP के नए Vidhan Bhavan की निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

Also Read: योगी सरकार की पहल से मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई ताकत, अब छोटे जिलों में संभाले जा रहे हाई रिस्क केस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.