गोरखपुर एनकाउंटर में ढेर हुआ 1 लाख का इनामी रहमान, BSP नेता हत्याकांड का था मुख्य आरोपी
Gorakhpur Encounter: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सोमवार देर रात STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ₹1 लाख का इनामी बदमाश मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू एनकाउंटर में मारा गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने घेराबंदी के दौरान फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हुआ। जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।
रहमान आजमगढ़ का रहने वाला था और बसपा नेता कमालू हत्याकांड समेत हत्या, हत्या के प्रयास, पुलिस हिरासत से फरार होने और आपराधिक साजिश सहित 10 से अधिक मामलों में वांछित था। उस पर एडीजी वाराणसी की ओर से ₹1 लाख का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस पर फायरिंग के बाद हुआ एनकाउंटर
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात STF Gorakhpur यूनिट को सूचना मिली थी कि मुस्तफिजुल रहमान खोराबार थाना क्षेत्र के रामनगर करजहा से कुशीनगर की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर एसटीएफ और खोराबार पुलिस ने संयुक्त घेराबंदी की।
जैसे ही पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। घायल बदमाश को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस दौरान मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह भी घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
BSP नेता हत्याकांड समेत 10 से ज्यादा मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक रहमान वर्ष 2021 में आजमगढ़ के मेहनगर थाना क्षेत्र में हुए बसपा नेता कमालू हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। घटना के बाद वह फरार हो गया था और बाद में गुजरात चला गया। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, धमकी, चोरी, आपराधिक षड्यंत्र और पुलिस हिरासत से फरार होने समेत 10 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
वर्ष 2024 में महाराष्ट्र के अमरावती ग्रामीण जिले में पुलिस हिरासत से फरार होने का मामला भी उसके खिलाफ दर्ज हुआ था।
हथियार और बाइक बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, बड़ी संख्या में कारतूस और खोखे तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस का कहना है कि बरामद सामान को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही रहमान के आपराधिक नेटवर्क और उसके सहयोगियों की भी जांच शुरू कर दी गई है।
Also Read: UP: विजिलेंस की कार्रवाई, 35 करोड़ की संपत्ति केस में रिटायर्ड ARTO ललित कुमार गिरफ्तार

