राम मंदिर CEO पद के लिए पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने किया आवेदन, प्रशासनिक अनुभव का दिया हवाला

Lucknow News: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय समेत कई अधिकारियों के इस्तीफे के बाद अब मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने भी इस प्रतिष्ठित पद के लिए आवेदन कर दिया है।

तीन दशक का प्रशासनिक अनुभव

आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने अपने आवेदन में भारतीय पुलिस सेवा एवं लोक प्रशासन में लगभग तीन दशकों के अनुभव का उल्लेख किया है। उन्होंने अपनी विशेषज्ञता के क्षेत्रों में सुरक्षा प्रबंधन, सतर्कता, विधिक एवं प्रशासनिक मामले, कार्मिक प्रशासन तथा संस्थागत समन्वय को शामिल किया है।

धार्मिक परंपराओं के प्रति गहरा सम्मान

ठाकुर ने अपने आवेदन में स्वयं को हिंदू सामाजिक-सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से संबद्ध बताते हुए भारतीय धार्मिक एवं दार्शनिक परंपराओं के प्रति अतीव सम्मान व्यक्त किया है। उन्होंने भगवान श्रीराम के मर्यादा, न्याय, कर्तव्यनिष्ठा और लोककल्याण के आदर्शों के प्रति अपनी निष्ठा भी जताई है।

आवेदन में उन्होंने अपने प्रशासनिक अनुभव, योग्यता और पारदर्शिता के क्षेत्र में किए गए कार्यों के आधार पर उनकी अभ्यर्थिता पर विचार करते हुए चयन प्रक्रिया में शामिल किए जाने का अनुरोध किया है।

गौरतलब है कि बीते महीने 5 जून को पहली बार राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की जानकारी सार्वजनिक हुई थी। इसके बाद इस मामले ने जमकर सियासी तूल पकड़ा। चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे के बाद ट्रस्ट ने एक अहम बैठक में फैसला किया कि प्रबंधन के ढांचे में आमूलचूल बदलाव होगा।

नृपेंद्र मिश्रा ने दी थी सेवानिवृत्त अधिकारी की सलाह

ट्रस्ट ने यह फैसला लिया कि किसी सेवानिवृत्त अधिकारी को CEO नियुक्त किया जाएगा। यह सलाह पहली बार राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने दी थी। ट्रस्ट ने सोमवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन प्रक्रिया जारी है और चयनित उम्मीदवारों का साक्षात्कार 18 जुलाई को शाम 4 बजे आयोजित किए जाएंगे। ट्रस्ट को देशभर से कई आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और सेवानिवृत्त नौकरशाहों के नाम शामिल हैं।

Also Read: पहलगाम आतंकी हमले में हाफिज सईद पर NIA का शिकंजा, कोर्ट ने जारी किया गैर-जमानती वारंट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.