15 मिनट तक गोलियों की गूंज… बुलंदशहर में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, 2 की मौत, कई घायल

Bulandshahr Double Murder: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में मंगलवार रात लेनदेन का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर गांव में दो पक्ष आमने-सामने आ गए और करीब 15 मिनट तक ताबड़तोड़ फायरिंग व पथराव होता रहा। दोनों ओर से चली गोलियों से इलाके में दहशत फैल गई। सड़क किनारे दुकानदारों ने आनन-फानन में शटर गिरा दिए, जबकि राहगीरों ने अपनी गाड़ियां रोक लीं। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।

घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फिलहाल पूरे गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

फोन पर कहासुनी के बाद सड़क पर भिड़े दोनों पक्ष

पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच काफी समय से लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार रात फोन पर बातचीत के दौरान कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्ष गांव के बाहर दनकौर रोड पर पहुंच गए। एक पक्ष स्विफ्ट कार से आया, जबकि दूसरा फॉर्च्यूनर में सवार था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों कारों की आमने-सामने टक्कर के बाद माहौल हिंसक हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर से गोलियां चलने लगीं और पथराव शुरू हो गया। करीब 15 मिनट तक लगातार फायरिंग होती रही, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

फायरिंग के दौरान एक पक्ष के सोनू (40) और दूसरे पक्ष के अजब सिंह को गोली लग गई। वहीं अजब सिंह पक्ष के अरविंद समेत दो अन्य लोग भी घायल हुए। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान सोनू और अजब सिंह ने दम तोड़ दिया।

मौके से हथियार और कारतूस बरामद, गांव में पुलिस का पहरा

घटना की सूचना मिलते ही सिकंदराबाद पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जांच के दौरान घटनास्थल से 315 बोर के कई खोखे, 12 बोर के कारतूस, एक पिस्टल, ईंट-पत्थर और जूते-चप्पल बरामद किए गए। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है।

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजय, एसडीएम दिनेश चंद्र समेत कई अधिकारी देर रात तक गांव में डटे रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: शर्मनाक: 3 साल की मासूम से दरिंदगी, पंचायत ने 1 लाख में मामला किया रफा-दफा, 20 हजार से हुई दारू-चिकन पार्टी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.