मणिपुर के सेनापति शहर में उग्र भीड़ का असम राइफल्स कैंप पर हमला, सुरक्षा बलों के वाहन फूंके

Sandesh Wahak Digital Desk: मणिपुर के सेनापति जिले से तनाव की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। सुरक्षा बलों द्वारा उग्रवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे एक तलाशी अभियान से बौखलाई उग्र भीड़ ने सेनापति शहर में स्थित असम राइफल्स के कैंप पर धावा बोल दिया। अधिकारियों के मुताबिक, भीड़ ने जमकर पत्थरबाजी, तोड़फोड़ और आगजनी की। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस हिंसक विरोध का मुख्य उद्देश्य उग्रवादियों के खिलाफ जारी सुरक्षा अभियान को बाधित करना था।

सीजफायर नियमों की धज्जियां उड़ा रहे थे उग्रवादी

रक्षा प्रवक्ता से मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों को ओकलोंग स्थित एनएससीएन (आईएम) कैंप से करीब दो किलोमीटर दूर मकुइलोंगडी क्षेत्र में हथियारों से लैस कैडरों की मौजूदगी की सटीक खुफिया सूचना मिली थी। उग्रवादी सीजफायर नियमों का स्पष्ट उल्लंघन करते हुए वर्दी और हथियारों के साथ खुलेआम घूम रहे थे। इस गंभीर उल्लंघन की औपचारिक जानकारी तुरंत सीजफायर मॉनिटरिंग ग्रुप को दी गई, जिसके बाद असम राइफल्स ने क्षेत्र में गश्त और तलाशी अभियान शुरू किया।

महिलाओं को आगे कर रोका रास्ता

अभियान के दौरान मकुइलोंगडी और ओकलोंग गांवों की तरफ बढ़ रही असम राइफल्स की टुकड़ियों को महिलाओं समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने रोक लिया। जवानों ने संयम दिखाते हुए स्थानीय प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि वे बिना अनुमति गांवों में प्रवेश नहीं करेंगे। लेकिन, मंगलवार रात करीब 9:30 बजे अचानक एक बड़ी भीड़ सेनापति शहर में असम राइफल्स के कैंप तक पहुंच गई और हमला कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख सेनापति पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को तुरंत मौके पर तैनात किया गया। सुरक्षा बलों के संयुक्त प्रयासों के बाद मंगलवार-बुधवार की मध्यरात्रि तक भीड़ को खदेड़कर स्थिति पर काबू पाया जा सका।

Also Read: 15 मिनट तक गोलियों की गूंज… बुलंदशहर में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, 2 की मौत, कई घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.