टीम इंडिया से अलग होना चाहता है ये कोच, गौतम गंभीर की टीम में नहीं मिला मनचाहा रोल
Team India Coach: भारतीय क्रिकेट टीम के सहायक कोच रेयान टेन डोएशे (Ryan ten Doeschate) अपनी जिम्मेदारियों से मुक्त होने के इच्छुक बताए जा रहे हैं। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) उन्हें टीम के साथ बनाए रखना चाहता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, डोएशे को अब तक आधिकारिक रूप से रिलीज नहीं किया गया है, लेकिन वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में वापसी की योजना बना रहे हैं और एक फ्रेंचाइजी के साथ बातचीत भी कर चुके हैं।
फील्डिंग कोच की भूमिका नहीं मिलने से बढ़ी नाराजगी
पीटीआई से बातचीत में बीसीसीआई के एक वरिष्ठ सूत्र ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि जब मुख्य कोच गौतम गंभीर की सिफारिश पर डोएशे को टीम से जोड़ा गया था, तब उनसे स्पेशलिस्ट फील्डिंग कोच की जिम्मेदारी देने का वादा किया गया था।
लेकिन दो साल बीतने के बाद भी यह जिम्मेदारी उन्हें नहीं मिली। सूत्र ने बताया कि बल्लेबाजी की जिम्मेदारी सितांशु कोटक और खुद गौतम गंभीर संभालते हैं, जबकि तेज गेंदबाजी मोर्ने मोर्कल और स्पिन विभाग साईराज बहुतुले देखते हैं।
टी दिलीप के भविष्य पर भी उठे सवाल
सूत्र के अनुसार, टी दिलीप को अभिषेक नायर, सोहम देसाई और अरुण कनाडे के साथ 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद हटाया जाना था, लेकिन एक वरिष्ठ खिलाड़ी की मजबूत सिफारिश के चलते उन्हें एक साल का सेवा विस्तार मिल गया। इस दौरान डोएशे की भूमिका सीमित रह गई। इंग्लैंड दौरे के टी20 मैचों में भारतीय टीम की फील्डिंग भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही।
अब यह देखना होगा कि गौतम गंभीर डोएशे को टीम में बने रहने के लिए मना पाते हैं या नहीं। यदि वह अलग होते हैं तो बीसीसीआई के पास फिलहाल टी दिलीप के साथ ही आगे बढ़ने का विकल्प रहेगा। फिलहाल भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर वनडे सीरीज खेल रही है और पहला मुकाबला जीतकर 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना चुकी है।
Also Read : गिल का कमाल, अक्षर का धमाका… एजबेस्टन में IND ने ढहाया ENG का किला, 5 प्वाइंट में समझे जीत क्यों है खास?

