दोस्ती का भरोसा जीतकर दो युवकों ने महिला को बनाया हवस का शिकार, फिर बनाए अश्लील वीडियो
Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के नागपुर जिले के खापरखेड़ा में दो युवकों ने एक विवाहित महिला के साथ कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले महिला को दोस्ती का भरोसा दिया, फिर उसे एमडी (नशीला पदार्थ) की लत लगाई और नशे की हालत में उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। इसके बाद आरोपियों ने महिला के अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी और लंबे समय तक उसका यौन शोषण करते रहे।
पति को नींद की गोलियां देने का भी आरोप
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में गंभीर आरोप लगाया है कि आरोपी उसके पति को नींद की गोलियां खिलाकर उससे मिलने का दबाव बनाते थे। जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके पति की हत्या की धमकी भी दी। इस डर के चलते महिला लंबे समय तक आरोपियों के शोषण को सहती रही।
दो साल पहले कंप्यूटर क्लास में हुई थी मुलाकात
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मुलाकात आरोपी अनुराग कटारिया से नवंबर 2024 में कंप्यूटर क्लास के दौरान हुई थी। दोस्ती बढ़ने के बाद अनुराग ने महिला को एमडी नामक नशीले पदार्थ का सेवन करने के लिए उकसाया और धीरे-धीरे उसे इस नशे की लत लग गई।
इसके बाद अनुराग ने महिला की मुलाकात अपने दोस्त आशीष शास्त्री से कराई। पीड़िता का आरोप है कि दोनों आरोपी उसे अपने कमरे पर ले गए और एमडी का भारी नशा देकर उसके साथ गैंगरेप किया। इस दौरान आरोपियों ने महिला के अश्लील वीडियो बना लिए और बाद में इन वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर बार-बार उसका यौन शोषण किया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश जारी
खापरखेड़ा पुलिस ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, सावनेर थाने में दर्ज जीरो FIR के आधार पर यह मामला खापरखेड़ा पुलिस को स्थानांतरित किया गया, जिसके बाद अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी अनुराग कटारिया और आशीष शास्त्री की तलाश की जा रही है। पीड़िता ने इंसाफ की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।
Also Read: जंतर-मंतर पर नहीं जुटी उम्मीद के मुताबिक भीड़, CJP प्रवक्ता ने दिल्लीवालों को लगाई फटकार

