IRCTC का नया पोर्टल आज होने वाला है लॉन्च, टिकट बुकिंग होगी और भी आसान
IRCTC New Website: भारतीय रेलवे यात्रियों को बेहतर ऑनलाइन सुविधा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। इसी क्रम में IRCTC अपनी नई वेबसाइट और मोबाइल ऐप का अपडेटेड बीटा वर्जन लॉन्च करने वाला है। नए प्लेटफॉर्म का उद्देश्य टिकट बुकिंग को पहले से अधिक तेज, आसान और यूजर फ्रेंडली बनाना है। रेलवे के अनुसार, शुरुआत में इसे टेस्टिंग के लिए सीमित यूजर्स के बीच उपलब्ध कराया जा सकता है।
यात्रियों को मिलेंगे 4 बड़े फायदे
नई वेबसाइट में सबसे बड़ा बदलाव कैप्चा और टिकट बुकिंग प्रक्रिया में किया गया है। अब टिकट बुक करते समय बार-बार कैप्चा भरने और अनावश्यक पॉप-अप का सामना कम करना पड़ेगा। खासकर तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान इससे यात्रियों का समय बचेगा।
इसके अलावा अब स्लीपर, 3AC, 2AC, चेयर कार समेत सभी उपलब्ध क्लास की सीटों की जानकारी एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी। इससे अलग-अलग क्लास चुनकर सीट उपलब्धता देखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वहीं ट्रेन चयन से लेकर भुगतान तक की पूरी प्रक्रिया में स्टेप्स कम किए गए हैं, जिससे टिकट बुकिंग पहले से अधिक तेज होगी।
बार-बार यात्रा करने वालों को मिलेगा खास फायदा
IRCTC के नए बीटा वर्जन में Saved Passenger Details फीचर भी जोड़ा गया है। इसके जरिए नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों को हर बार नाम, उम्र, लिंग और अन्य जानकारी दोबारा दर्ज नहीं करनी होगी। इससे टिकट बुकिंग का समय और मेहनत दोनों कम होंगे।
नई वेबसाइट और ऐप के लॉन्च के बाद यात्रियों को तेज, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक टिकट बुकिंग का अनुभव मिलने की उम्मीद है।
Also Read : तीसरा बच्चा होने पर नहीं लड़ सकते चुनाव, सुप्रीम कोर्ट बोला- बदल गया है देश

