Lucknow: डॉक्टर ने नशे की हालत में की सर्जरी! मरीज की मौत, अस्पताल में जमकर हंगामा

Lucknow News: लखनऊ के कृष्णानगर स्थित एक निजी अस्पताल में हाथ के ऑपरेशन के बाद एक मरीज की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा किया। परिजनों का दावा है कि ऑपरेशन करने वाला डॉक्टर नशे की हालत में था। वहीं, अस्पताल प्रशासन ने इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान रायबरेली निवासी लालजी सोनकर के रूप में हुई है। उनके भाई राहुल सोनकर ने बताया कि 14 जुलाई की सुबह उन्हें हाथ के ऑपरेशन के लिए कृष्णानगर के सत्यार्थ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन से पहले सभी जरूरी जांच कराई गई थीं और रिपोर्ट सामान्य बताई गई थी।

परिजनों के अनुसार, दोपहर में ऑपरेशन किया गया। इसके बाद शाम को डॉक्टरों ने अचानक मरीज की हालत गंभीर बताई और उन्हें आईसीयू में भर्ती कर दिया। कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भड़क गए और अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया।

‘डॉक्टर नशे में था’, परिजनों का आरोप

मृतक के भाई राहुल सोनकर ने आरोप लगाया कि जब उनके भाई को आईसीयू ले जाया जा रहा था, तब ऑपरेशन करने वाला डॉक्टर नशे की हालत में दिखाई दिया। उनका कहना है कि डॉक्टर का व्यवहार भी सामान्य नहीं था। परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने संबंधित डॉक्टर को वहां से जाने दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन के माध्यम से डॉक्टर को बुलाने की कोशिश की, लेकिन वह अस्पताल नहीं पहुंचा। परिजनों ने मामले में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. एन.बी. सिंह ने कहा कि पुलिस से शिकायत मिलने पर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में लापरवाही या अन्य आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: KGMU में नॉन-वेज पर तत्काल रोक, गवर्नर आनंदीबेन के निरीक्षण के बाद प्रशासन सख्त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.