KGMU में नॉन-वेज पर तत्काल रोक, गवर्नर आनंदीबेन के निरीक्षण के बाद प्रशासन सख्त

Lucknow News: लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में हॉस्टल में रहने वाले छात्रों के लिए बड़ा बदलाव किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी हॉस्टल मेस और कैंटीनों में नॉन-वेज भोजन पकाने और परोसने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। यह फैसला उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के हालिया निरीक्षण के बाद लिया गया है।

प्रशासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, अब हॉस्टल की मेस में किसी भी प्रकार का नॉन-वेज भोजन तैयार या परोसा नहीं जाएगा। हालांकि, छात्र चाहें तो बाहर से नॉन-वेज खाना मंगवा सकेंगे। यह निर्णय स्टूडेंट वेलफेयर के डीन और चीफ प्रॉक्टर की सहमति के बाद लागू किया गया है।

निरीक्षण में मिलीं सफाई की गंभीर खामियां

दीक्षांत समारोह के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बताया कि निरीक्षण में तीन हॉस्टलों की मेस में नॉन-वेज भोजन बनता मिला, जहां साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं थी। इसके अलावा, 500 से अधिक छात्रों वाले कुछ हॉस्टलों में एक्सपायर्ड मसालों के इस्तेमाल का मामला भी सामने आया, जिसे उन्होंने गंभीर लापरवाही बताया।

हालांकि, राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि नॉन-वेज पर प्रतिबंध लगाने का सीधा निर्देश उन्होंने नहीं दिया था। उन्होंने केवल भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और छात्रों को बेहतर भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया था। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपने स्तर पर यह निर्णय लिया।

राज्यपाल ने प्रशासन को मेस व्यवस्था में सुधार करने, भोजन की गुणवत्ता बेहतर बनाने और छात्रों को अच्छी गुणवत्ता का पनीर समेत अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।

लोहिया संस्थान का मामला भी चर्चा में

इसी बीच राजधानी के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान से भी मेडिकल लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। फिरोजाबाद निवासी 29 वर्षीय अंकित राठौर की सर्जरी के बाद कथित लापरवाही के चलते उनके बाएं हाथ में संक्रमण फैल गया और आखिरकार डॉक्टरों को उनकी जान बचाने के लिए हाथ काटना पड़ा।

पीड़ित ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। वहीं संस्थान के प्रवक्ता डॉ. भुवन चंद्र तिवारी ने शिकायत मिलने पर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने का आश्वासन दिया है।

Also Read: ’13 साल की उम्र में शुरू होते हैं पीरियड्स…’, UP गवर्नर की सलाह- सच्चा प्रेम है तो पढ़ाई पूरी होने तक शादी नहीं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.