Ram Mandir Donation Controversy: ‘मेरी बातों को…’, अपने बयान पर घिरीं अनुराधा पौडवाल
Bollywood News: प्रसिद्ध भजन गायिका अनुराधा पौडवाल ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी और देश की शिक्षा व्यवस्था पर दिए गए अपने बयान को लेकर उठे विवाद पर सफाई दी है।
सोशल मीडिया पर आलोचना के बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक विस्तृत पोस्ट साझा करते हुए कहा कि उनके बयान को संदर्भ से हटाकर और संपादित वीडियो के जरिए गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया।
अनुराधा पौडवाल ने लिखा कि सार्वजनिक जीवन में लोगों का विश्वास उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि उनकी बातों को एडिट किए गए वीडियो के माध्यम से इस तरह पेश किया गया कि उनका वास्तविक आशय बदल गया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा हमेशा से उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण विषय रही है और उनका मानना है कि किसी भी देश की प्रगति की सबसे मजबूत नींव उसकी शिक्षा व्यवस्था होती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल शिक्षा और देश के भविष्य को लेकर चिंता व्यक्त करना था।
स्कूलों और कथित चोरी की खबरों पर जताई थी चिंता
सिंगर ने बताया कि उन्होंने मीडिया में प्रकाशित उन रिपोर्टों के आधार पर अपनी चिंता जाहिर की थी, जिनमें बड़ी संख्या में स्कूल बंद होने का उल्लेख किया गया था।
उन्होंने कहा कि ऐसी खबरें उन्हें दुखी करती हैं। इसी तरह, राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी की खबरों ने भी उन्हें चिंता में डाल दिया था।
उन्होंने लिखा कि इन दोनों विषयों का उल्लेख उन्होंने केवल समाज और देश के भविष्य को लेकर अपनी चिंता व्यक्त करने के लिए किया था, किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए नहीं।
देश और नेतृत्व पर जताया भरोसा
अनुराधा पौडवाल ने कहा कि उन्हें अपने देश और उसके नेतृत्व पर पूरा विश्वास है।
उन्होंने भारत को एक मजबूत लोकतंत्र बताते हुए कहा कि हर नागरिक को सम्मानपूर्वक अपनी राय रखने का अधिकार है और स्वस्थ संवाद लोकतंत्र को मजबूत बनाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी के बयान को काट-छांटकर सनसनीखेज तरीके से पेश करना उचित नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसे भ्रामक और संदर्भ से हटाए गए कंटेंट को बढ़ावा न दें।
क्या था पूरा मामला?
हाल ही में एक मीडिया बातचीत के दौरान अनुराधा पौडवाल ने देश की शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए स्कूलों के बंद होने से संबंधित रिपोर्टों का उल्लेख किया था।
इसी दौरान उन्होंने अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी की खबरों का भी जिक्र किया था।
उनके इसी बयान के कुछ हिस्से सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिसके बाद उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।
अब उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनके बयान का उद्देश्य केवल अपनी चिंता व्यक्त करना था, न कि किसी विवाद को जन्म देना।

