मुर्शिदाबाद में रेल हादसा, पैसेंजर ट्रेन से टकराई स्कूल वैन, दो छात्रों की मौके पर मौत, 5 घायल

Murshidabad Train Accident: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। बहरामपुर इलाके में रेलवे क्रॉसिंग पार कर रही स्कूल वैन तेज रफ्तार पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद रेलवे फाटक पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

रेलवे फाटक खुला होने पर उठे सवाल

यह हादसा कर्णसुबर्णा और गोविंदपुर रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक ट्रेन गुजरने के बाद रेलवे फाटक खोल दिया गया था। इसी दौरान स्कूल वैन क्रॉसिंग पार करने लगी, लेकिन विपरीत दिशा से आ रही निमटिटा-कटवा पैसेंजर ट्रेन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि दूसरी ट्रेन आने के बावजूद रेलवे फाटक बंद नहीं किया गया। ऐसे में गेटमैन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। हादसे में स्कूल वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और एक साइकिल सवार भी ट्रेन की चपेट में आ गया।

जांच के आदेश

स्कूल वैन में कुल आठ लोग सवार बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पुलिस और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान चलाया। सभी घायलों को पहले कर्णसुबर्णा ब्लॉक अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल बच्चों को मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

पूर्वी रेलवे ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। रेलवे की ओर से विशेष जांच दल गठित किया गया है, जो यह पता लगाएगा कि हादसे के समय रेलवे गेटमैन मौके पर मौजूद था या नहीं और यदि था तो फाटक खुला क्यों था। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: सोनम वांगचुक की हालत ‘क्रिटिकल’, डॉक्टरों ने दी चेतावनी, बोले- अगला स्टेज बेहद खतरनाक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.