जंजीरों में जकड़ा, हाथ तोड़ा और एक महीने तक की हैवानियत… Lucknow में कैद हुई 3 बच्चों की मां ने सुनाई आपबीती
Lucknow/Gorakhpur: गोरखपुर की रहने वाली 36 वर्षीय महिला ने लखनऊ में अपने साथ हुई हैवानियत की दास्तां सुनाते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का दावा है कि उसे करीब एक महीने तक एक मकान में बंधक बनाकर रखा गया, जंजीरों से बांधा गया, बेरहमी से पीटा गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके छोटे बेटे को बेचने की धमकी देकर उसे लगातार प्रताड़ित किया गया।
पीड़िता का कहना है कि किसी तरह घर में काम करने वाली एक महिला की मदद से वह आरोपियों के चंगुल से निकलकर गोरखपुर स्थित अपने मायके पहुंच सकी। फिलहाल वह न्याय की गुहार लगा रही है।
एक महीने तक कैद रखने का आरोप
महिला के अनुसार, वह पिछले महीने 4 जून को इलियास नाम के युवक के साथ काम की तलाश में लखनऊ (Lucknow) गई थी। वहां उसे अलीगंज स्थित एक मकान में ले जाकर बंधक बना लिया गया। उसका आरोप है कि मकान में रहने वाली सौम्या, उसके ड्राइवर इलियास और अन्य लोगों ने उसे लगातार प्रताड़ित किया।
पीड़िता का कहना है कि उसके हाथ-पैर और गले में जंजीरें डालकर रखा जाता था। उससे घर का सारा काम कराया जाता था और कई बार जबरन शराब भी पिलाई गई। आरोप है कि उस पर अलग-अलग पुरुषों के साथ संबंध बनाने का दबाव बनाया गया और विरोध करने पर मारपीट की गई।
महिला ने आरोप लगाया कि सौम्या के पति ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने यह भी दावा किया कि इलियास ने पहले भी उसके साथ जबरन संबंध बनाए थे, जिससे उसका तीन महीने का बच्चा है।
बेटे को बेचने की धमकी देने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि इलियास उसके तीन महीने के बेटे को बेचने की धमकी देता था। डर और प्रताड़ना के बीच वह लगातार कैद रही। बाद में घर में काम करने वाली महिला सरोज की मदद से वह किसी तरह वहां से भाग निकली और जंजीरों समेत अपने मायके पहुंच गई।
महिला की शादी करीब 22 साल पहले गोरखनाथ क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। उसके एक बेटा और एक बेटी है। पारिवारिक विवाद के बाद वह मायके में रहने लगी थी। बेटी की शादी हो चुकी है। महिला का कहना है कि करीब एक साल पहले उसकी पहचान इलियास से हुई थी, जो उसके दामाद का दोस्त बताया जा रहा है। बाद में वह उसके संपर्क में आई और उसके साथ लखनऊ चली गई।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पक्ष अब उसे 15 लाख रुपये के सोने की चोरी के झूठे मामले में फंसाने और पूरे परिवार को बर्बाद करने की धमकी दे रहा है। घटना के बाद से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान है।
FIR दर्ज न होने का दावा
महिला का कहना है कि उसने पुलिस से शिकायत की, लेकिन अब तक उसकी FIR दर्ज नहीं की गई। उसका आरोप है कि अधिकारी घटना लखनऊ (Lucknow) की होने की बात कहकर कार्रवाई से बच रहे हैं। फिलहाल वह मुख्यमंत्री और एडीजी के नाम प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग कर रही है।
नोट: ये सभी आरोप पीड़िता द्वारा लगाए गए हैं। मामले में पुलिस जांच और आधिकारिक कार्रवाई के बाद ही तथ्यों की अंतिम पुष्टि होगी।
Also Read: Ghaziabad News: 150 करोड़ की प्रॉपर्टी के लिए बेटे ने पिता को मारीं 6 गोलियां, आरोपी फरार

