क्या लॉर्ड्स में रोहित शर्मा खेलेंगे आखिरी वनडे? माता-पिता के लंदन पहुंचने से अटकलें तेज
Rohit Sharma Retirement: भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला 19 जुलाई को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाएगा। इस मैच से पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के वनडे करियर को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि यह मुकाबला नीली जर्सी में उनका आखिरी वनडे हो सकता है। हालांकि, रोहित शर्मा, चयनकर्ताओं या टीम मैनेजमेंट की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
माता-पिता के लंदन पहुंचने से बढ़ीं अटकलें
CREX की रिपोर्ट के मुताबिक, रोहित शर्मा के माता-पिता रिटायरमेंट की अटकलों के बीच पहले ही लंदन पहुंच चुके हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चयनकर्ताओं की भविष्य की योजनाओं की जानकारी मिलने के बाद रोहित ने लॉर्ड्स वनडे के लिए अपने माता-पिता के आने की व्यवस्था की। आमतौर पर रोहित के माता-पिता उनके मैच देखने स्टेडियम नहीं पहुंचते, इसलिए इस बार उनकी मौजूदगी को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
सीरीज में नहीं चला रोहित का बल्ला
इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज में रोहित शर्मा का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। पहले मुकाबले में उन्होंने 21 गेंदों पर 11 रन बनाए, जबकि दूसरे मैच में 47 गेंद खेलकर 26 रन ही बना सके। पिछले आठ वनडे मैचों में उन्होंने 33 की औसत से 241 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 88.6 रहा, जिसे कुछ क्रिकेट विशेषज्ञ उनकी आलोचना का प्रमुख कारण मान रहे हैं।
यशस्वी जायसवाल हो सकते हैं अगले विकल्प
भारत को 2027 वनडे विश्व कप से पहले करीब 20 वनडे मुकाबले खेलने हैं। ऐसे में टीम मैनेजमेंट युवा खिलाड़ियों को अधिक अवसर देना चाहता है। यशस्वी जायसवाल को रोहित शर्मा के संभावित उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा है।
उन्होंने अपनी पिछली तीन वनडे पारियों में दो शतक लगाए हैं और सितंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से उनकी टीम में एंट्री की संभावना जताई जा रही है। वहीं विराट कोहली फिलहाल 2027 विश्व कप की योजनाओं का हिस्सा माने जा रहे हैं और लॉर्ड्स वनडे में उनसे एक और बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी।
Also Read: Major League Cricket: निकोलस पूरन ने रचा इतिहास, 30 गेंदों में ठोका सबसे तेज शतक

