पीएम मोदी ने जींद में 14,700 करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के जींद में विकास की नई इबारत लिखते हुए लगभग 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस ऐतिहासिक सौगात के बाद एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बीते कुछ वर्षों में पूरा हरियाणा ही विकास की एक नई पटरी पर दौड़ पड़ा है।
जींद से मेरा पुराना नाता, यहाँ का अपनत्व कभी नहीं भूल सकता
पीएम मोदी ने जनसभा में मौजूद भारी भीड़ का अभिवादन हरियाणवी अंदाज में राम-राम कहकर किया। पुरानी यादों को ताजा करते हुए उन्होंने कहा, मेरे लिए जींद की इस पावन धरती पर आना अपनी पुरानी यादों के झरोखे को खोलने जैसा है। दशकों पहले जब मैं संगठन के कार्य के सिलसिले में पहली बार यहाँ आया था, तब से लेकर आज तक आप लोगों ने मुझे जो मान-सम्मान और अपनत्व दिया है, उसे मैं कभी नहीं भूल सकता। इतने वर्षों में जींद के घी और घेवर का स्वाद तो नहीं बदला, लेकिन यहाँ के तेवर पूरी तरह बदल चुके हैं। आज जींद भाजपा-एनडीए सरकार के सुशासन मॉडल की सबसे खूबसूरत तस्वीर बनकर उभर रहा है।
जींद और सोनीपत के नाम दर्ज हुआ हाइड्रोजन क्रांति का इतिहास
संबोधन के दौरान देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जींद और हरियाणा का नाम सुनहरे अक्षरों में इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है। उन्होंने कहा, जिस प्रकार भारत में चलने वाली पहली रेल के लिए हमेशा बॉम्बे से ठाणे का नाम याद किया जाता है, ठीक उसी प्रकार भविष्य में जब भी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का जिक्र होगा, तो जींद, सोनीपत और पूरे हरियाणा का नाम सबसे पहले और बेहद गर्व से लिया जाएगा। भारतीय रेलवे की आधुनिकता की दिशा में उठाए गए इस क्रांतिकारी कदम के लिए मैं पूरे देश को बधाई देता हूँ।
सफाई के लिए मोदी के आने का इंतजार क्यों
समारोह में पीएम मोदी ने स्थानीय लोगों द्वारा चलाई गई स्वच्छता मुहिम की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा, मैं जींद और हरियाणा की जनता की इस बात के लिए तारीफ करता हूँ कि उन्होंने मेरे आने से पहले स्वच्छता से स्वागत पहल को बेहद गंभीरता से लिया और पूरे क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाने में जुट गए। सोशल मीडिया पर भी पिछले एक हफ्ते से इसकी खूब चर्चा थी।
इसी बीच चुटकी लेते हुए पीएम मोदी ने कहा, कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मोदी जी आप बार-बार जींद आया करें ताकि हमारा शहर साफ रहे। मैं उन महाशय के भावों का आदर करता हूँ, लेकिन मेरा मानना है कि अगर जींद के लोग खुद यह संकल्प ले लें कि वे गंदगी नहीं करेंगे, तो शहर को साफ रखने के लिए मोदी के आने की आवश्यकता ही नहीं पड़ेगी। हमें स्वच्छता को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा, अपना स्वभाव और अपना संस्कार बनाना होगा।
सिख म्यूजियम, हाईवे प्रोजेक्ट्स और नए मेडिकल कॉलेजों की सौगात
इससे पहले प्रधानमंत्री ने जींद में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान कुरुक्षेत्र में बनने वाले भव्य सिख म्यूजियम और 24.27 किलोमीटर लंबे हांसी-बरवाला ब्राउनफील्ड हाईवे प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे, अंबाला-काला अंब खंड और जींद-गोहाना हाईवे जैसी कई बड़ी सड़क व रेल परियोजनाओं को देश को समर्पित किया।
स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूती देते हुए पीएम मोदी ने भिवानी में पंडित नेकी राम शर्मा सरकारी मेडिकल कॉलेज और नारनौल में महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज व राव तुला राम अस्पताल का लोकार्पण किया। इसके अलावा, उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत कई गरीब लाभार्थियों को उनके सपनों के आशियाने की प्रतीकात्मक चाबियां भी सौंपीं।
Also Read: मैं 20 जुलाई तक जिंदा रहूंगा, नहीं तो भूत बनकर वापस आऊंगा, सोनम वांगचुक की वॉर्निंग

