सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरीं आमिर खान की पूर्व पत्नी किरण राव
Kiran Rao: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उनके अनशन का आज 20वां दिन है। इस बीच फिल्ममेकर और आमिर खान की पूर्व पत्नी किरण राव ने वांगचुक के समर्थन में आवाज उठाई है। उन्होंने सरकार से प्रदर्शनकारियों के साथ बातचीत शुरू करने की अपील की और मामले को गंभीरता से लेने की बात कही।
किरण राव ने अपने समर्थन का इजहार करते हुए इंस्टाग्राम की प्रोफाइल फोटो बदल दी है। उन्होंने अपनी डीपी पर सोनम वांगचुक की तस्वीर लगाई है, जिस पर लिखा है- ‘आई सपोर्ट सोनम।’
किरण राव ने लिखा- हर आवाज मायने रखती है
किरण राव ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “मैं सोनम वांगचुक, अभिजीत दिपके, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और उन सभी नागरिकों के साथ खड़ी हूं, जो छात्रों के अधिकारों के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। सोनम जी, नेहा, मनीष, अमीन और बाकी सभी लोगों को मेरा सलाम, जिन्होंने इंसाफ के लिए भूख हड़ताल की।”
उन्होंने आगे कहा कि देश को उन लोगों का आभारी होना चाहिए, जिन्होंने समाज को उसकी जिम्मेदारियों की याद दिलाई और बताया कि हर आवाज की अहमियत होती है।
सरकार से बातचीत की अपील
किरण राव ने सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए लिखा कि 19 दिन बाद भी भूख हड़ताल को लेकर कोई समाधान नहीं निकलना चिंता की बात है। उन्होंने कहा कि नेताओं को लोगों की बात सुननी चाहिए, प्रदर्शनकारियों से बातचीत करनी चाहिए और छात्रों की परेशानियों को समझना चाहिए।
वहीं, इससे पहले आमिर खान ने साफ किया था कि फिल्म ‘3 इडियट्स’ में उनका किरदार रैंचो सोनम वांगचुक से प्रेरित नहीं था। उन्होंने कहा कि फिल्म बनते समय उन्हें सोनम वांगचुक के बारे में जानकारी नहीं थी। हालांकि, उन्होंने उनके काम और योगदान की तारीफ की।
Also Read: 3 इडियट्स के फुंसुक वांगडू नहीं हैं सोनम वांगचुक: आमिर खान

