अमेरिका-ईरान जंग में निशाने पर भारत के निवेश वाला चाबहार पोर्ट, पश्चिम एशिया में बढ़ा तनाव
Chabahar Port Attack: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ईरान और अमेरिका के बीच संघर्ष और बढ़ गया है। अमेरिका ने ओमान की खाड़ी में स्थित ईरान के रणनीतिक चाबहार बंदरगाह पर हमला करने का दावा किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार को अमेरिका ने चाबहार पोर्ट पर कम से कम तीन मिसाइलें दागीं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में धुएं और मलबे के बीच एक बड़ी संरचना गिरती हुई दिखाई दे रही है।
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी हमले से जुड़ी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं। दावा किया जा रहा है कि हमले में बंदरगाह का एक निगरानी टॉवर क्षतिग्रस्त हुआ है। हालांकि, ईरानी मीडिया ने हमलों की पुष्टि की है, लेकिन टॉवर गिरने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
ईरान में हमले तेज, कई ठिकानों को बनाया निशाना
अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, अमेरिकी सेना ने ईरान की सैन्य क्षमताओं को कमजोर करने के लिए लगातार छठी रात हवाई हमले किए। ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, इन हमलों में कम से कम 8 लोगों की मौत हुई है और 20 लोग घायल हुए हैं। एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, 22 जून से शुरू हुए नए संघर्ष में ईरान में मृतकों की संख्या 38 तक पहुंच गई है, जबकि 400 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
ईरान के होर्मोजगान प्रांत में छह पुलों समेत कई बुनियादी ढांचों को निशाना बनाए जाने की खबर है। बंदर अब्बास एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास स्थित पुलों पर भी हमले का दावा किया गया है। बुशहर शहर में भी धमाकों की खबर सामने आई है।
चाबहार पोर्ट क्यों है भारत के लिए अहम
ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ओमान में दो अमेरिकी रडार साइटों को नष्ट करने का दावा किया है। वहीं कुवैत में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की बात भी कही गई है। जॉर्डन ने अपने हवाई क्षेत्र में ईरान की तीन मिसाइलों को गिराने का दावा किया है।
चाबहार पोर्ट भारत के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। भारत ने 2016 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईरान दौरे के दौरान इस बंदरगाह के विकास और संचालन के लिए 55 करोड़ डॉलर निवेश की घोषणा की थी। यह पोर्ट इंटरनेशनल नॉर्थ-साउथ ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर के तहत भारत, ईरान और रूस को जोड़ने में अहम भूमिका निभाता है।
Also Read: पीएम मोदी ने जींद में 14,700 करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास

