अयोध्या में GST विभाग की बड़ी कार्रवाई, स्पोर्ट्स कार से 3.5 कुंतल चांदी और सोने के जेवर जब्त
Ayodhya News: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में जीएसटी विभाग ने पुलिस की मदद से बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्पोर्ट्स कार से करोड़ों रुपये मूल्य की चांदी और आभूषण बरामद किए हैं। यह कार्रवाई गुरुवार देर शाम अयोध्या-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित रोनाही टोल प्लाजा पर की गई। अधिकारियों के अनुसार कार से करीब साढ़े तीन कुंतल चांदी, चांदी के आभूषण और कुछ सोने के आभूषण मिले, लेकिन इनके संबंध में मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
गुप्त सूचना के बाद शुरू हुई जांच
जानकारी के मुताबिक, जीएसटी विभाग को सूचना मिली थी कि राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते बिना वैध दस्तावेजों के भारी मात्रा में चांदी ले जाई जा रही है। इसके बाद जीएसटी अधिकारियों ने पुलिस के सहयोग से रोनाही टोल प्लाजा पर सघन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध स्पोर्ट्स कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में सोना-चांदी और आभूषण बरामद हुए।
पर आयुक्त (ग्रेड-1) बृजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि वाहन में मौजूद व्यक्ति कोई वैध बिल या जरूरी दस्तावेज नहीं दिखा सका। फिलहाल पूरा माल जब्त कर संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी किया गया है।
दस्तावेज नहीं मिलने पर होगी कानूनी कार्रवाई
जीएसटी विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में वैध अभिलेख पेश नहीं किए गए तो नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई भी होगी। सुरक्षा के मद्देनजर जब्त किए गए सोना-चांदी को कोषागार में जमा कराने की तैयारी की जा रही है।
उधर, मुजफ्फरनगर में भी राज्य कर विभाग ने फर्जी ई-वे बिल के जरिए जीएसटी चोरी के मामले में करीब 20 लाख रुपये मूल्य का 10,070 किलो लेड इनगॉट्स से भरा वाहन जब्त किया है। मामले की जांच हरियाणा डीजीजीआई और मेरठ एसआईबी के साथ मिलकर की जा रही है।
Also Read: Bareilly News: आलोक नगर लूटकांड के दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से एक घायल

