Bareilly News: नशीले पदार्थ के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ा तस्कर
Bareilly News: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली के निर्देशानुसार अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भोजीपुरा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए नैनीताल हाईवे के पास से एक शातिर नशा तस्कर को भारी मात्रा में अवैध डोडा (नशीला पदार्थ) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 4 किलो 795 ग्राम अवैध डोडा बरामद हुआ है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को थाना प्रभारी भोजीपुरा के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध वाहनों/व्यक्तियों की चेकिंग और वारंटियों की तलाश में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने नैनीताल हाईवे पर इटौआ मोड़ से आगे राजीव ट्रेडर्स आरएमसी प्लांट के बगल में श्मशान भूमि को जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका, जिसकी तलाशी लेने पर भारी मात्रा में अवैध नशीला पदार्थ बरामद हुआ।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस गिरफ्त में आए अभियुक्त की पहचान मोहम्मद इस्लाम पुत्र सली मोहम्मद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ग्राम निर्भुआ (थाना शेरगढ़, बरेली) का निवासी है और वर्तमान में भोजीपुरा के अंधी गौटिया ईशापुर में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना भोजीपुरा में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
पुलिस कस्टडी में हुई कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी मोहम्मद इस्लाम ने अपना जुर्म कबूल करते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया, यह डोडा मैंने इसी नैनीताल हाईवे से गुजरने वाले एक अज्ञात ट्रक ड्राइवर से सस्ते दामों में खरीदा था। मैं ज्यादा मुनाफा कमाने और पैसों के लालच में इस नशीले पदार्थ को हाईवे से गुजरने वाले राहगीरों को ऊंचे दामों पर बेच देता हूँ। आज भी मैं इस खेप को लेकर अपने घर की तरफ जा रहा था, तभी पुलिस ने मुझे पकड़ लिया।
इस कामयाब ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कुँवर बहादुर सिंह के मार्गदर्शन में उप-निरीक्षक पवन कुमार, उप-निरीक्षक रंजीत सिंह, कांस्टेबल 1118 लक्की सिंह और कांस्टेबल 2032 विकास कुमार शामिल रहे। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क के तार और कहाँ-कहाँ जुड़े हैं।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

